- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Prayagraj: UP बोर्ड का...
Prayagraj: UP बोर्ड का रिजल्ट अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आएगा

प्रयागराज: यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं का रिजल्ट अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आ जाएगा. माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP BOARD) की कॉपियों का मूल्यांकन 2 अप्रैल को पूरा हो गया. प्रदेश के सभी 261 केंद्रों पर 15 दिनों के अंदर 2 करोड़ 97 लाख कॉपियों का मूल्यांकन किया गया. अब अंकों की फीडिंग कराई जा रही है. हालांकि बोर्ड की ओर से अभी परिणाम घोषित करने के लिए दिन निर्धारित नहीं किया गया है, लेकिन इस महीने के अंत में रिजल्ट जारी करने की पूरी तैयारी है.
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती प्रसाद ने बताया कि यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में कुल 261 केंद्र बनाए गए थे. मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक कुल 15 दिन चला. हाईस्कूल में 27 लाख 32 हजार 216 परीक्षार्थियों ने जबकि इंटरमीडिएट में 27 लाख 5 हजार 17 परीक्षार्थियों ने फार्म भरा था. ऐसे में कुल संख्या 54 लाख 37 हजार 233 हो जाती है. इनमें से 3 लाख 2 हजार 508 स्टूडेंट्स ने परीक्षा छोड़ दी थी.
सचिव ने बताया कि हाईस्कूल में 16322248 और इंटर में 13371607 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ है. दोनों को अगर मिला दिया जाए तो यह संख्या 2 करोड़ 96 लाख 93 हजार 855 हो जाती है. हाईस्कूल की कॉपियों के सापेक्ष कुल 84122 परीक्षक और 8472 उप परीक्षक लगाए गए थे. इंटरमीडिएट में 50601 परीक्षक और 5471 उप परीक्षक लगाए गए थे. 148667 परीक्षकाें को लगभग 2 करोड़ 97 लाख कापियों का मूल्यांकन करना था. अगर प्रति व्यक्ति कुल कॉपियों की संख्या देखी जाए तो एक परीक्षक को अधिकतम 200 कॉपियों का ही मूल्यांकन करना पड़ा. हमने गुणवत्तापरक मूल्यांकन पर जोर दिया है, ताकि बच्चों की मेहनत का सही मूल्यांकन हो सके.
भगवती प्रसाद ने बताया कि प्रदेश भर में बनाए गए 261 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मूल्यांकन कराया गया. मुख्य नियंत्रक व उप नियंत्रक को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि केंद्र में मूल्यांकन से संबंधित व्यक्ति के अलावा कोई अन्य बाहरी व्यक्ति प्रवेश न कर पाए. हमारा प्रयास है कि हम परीक्षा परिणाम अप्रैल के अंत तक घोषित दें.





