- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Prayagraj: नागनाथपुर...
Prayagraj: नागनाथपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाकुंभ जा रही तीन महिला श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने कुचला

प्रयागराज: प्रयागराज जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। उतरांव थाना क्षेत्र के नागनाथपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाकुंभ में स्नान के लिए जा रहीं तीन महिला श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
उतरांव थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे नागनाथपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस को पेट्रोल पंप के पास रोका गया। बस में सवार कई श्रद्धालु नीचे उतर गए। इसी दौरान तीन महिलाएं सड़क के डिवाइडर के पास चली गईं। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान जगोरी महतो (45), कुंती महतो (70), और अल्पना महतो (47) के रूप में हुई है। ये सभी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से महाकुंभ में स्नान के लिए आ रही थीं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।





