- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Prayagraj: DIG के फोन...
Prayagraj: DIG के फोन पर मचा हड़कंप, अली की सेल में थी गुमशुदगी

प्रयागराज: नैनी सेंट्रल जेल में बंद माफिया अतीक अहमद का बेटा अली अहमद सोमवार सुबह अचानक चर्चा का केंद्र बन गया। सुबह करीब 7:30 बजे लखनऊ कंट्रोल रूम से डीजी जेल पीसी मीणा का फोन आया। उन्होंने जेल स्टाफ से पूछा – “अली कहां है? वह अपनी सेल में नहीं दिख रहा।” इतना सुनते ही जेल परिसर में हड़कंप मच गया।
जैसे ही महिला सिपाही ने जेल वार्डर को सूचना दी, जेलकर्मी भागते हुए अली की सेल की ओर पहुंचे। जब उन्होंने दरवाजे से झांककर देखा तो अली नजर नहीं आया। जेलकर्मियों ने आवाज दी – “अली… अली…” कुछ देर बाद अली अपनी सेल में बने खंभे के पीछे से बाहर निकला। उसे सही सलामत देखकर सभी ने राहत की सांस ली और कंट्रोल रूम को उसकी मौजूदगी की जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि 19 जून को अली के पास नकदी मिलने के बाद उसे नैनी सेंट्रल जेल के ‘फांसी घर’ की हाई सिक्योरिटी सेल में शिफ्ट कर दिया गया था। यह सेल जेल परिसर के सबसे अलग-थलग और कड़े सुरक्षा वाले हिस्से में स्थित है। यहां CCTV से निगरानी की जाती है और चार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है।
यह ‘फांसी घर’ अब एक खंडहर में तब्दील हो चुका है। 1970 से इसे नियमित उपयोग में नहीं लाया गया। हालांकि, यह हाई सिक्योरिटी बैरक के रूप में कभी-कभार उपयोग होता है – खास तौर से उन कैदियों के लिए जिन्हें अलग निगरानी की जरूरत होती है। इस ऐतिहासिक फांसी घर में अब तक 14 कैदियों को फांसी दी जा चुकी है।





