उत्तर प्रदेश

Prayagraj: अमृत सरोवर 2.0 के तहत प्रयागराज ने प्रदेश में दूसरा स्थान किया हासिल

Admindelhi1
16 May 2025 11:14 AM IST
Prayagraj: अमृत सरोवर 2.0 के तहत प्रयागराज ने प्रदेश में दूसरा स्थान किया हासिल
x

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में अमृत सरोवर 2.0 योजना की चयन प्रक्रिया में इस वित्तीय वर्ष में दूसरे नम्बर का जिला प्रयागराज है। जनपद के कुल 99 तालाबों का चयन किया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को उपायुक्त श्रम रोजगार प्रयागराज गुलाब चन्द्र ने दी।

उन्होंने बताया कि केन्द्र की मोदी सरकार ने जल संरक्षण को और मजबूत करने के लिए अमृत सरोवर 2.0 अभियान का आगाज कर दिया है। तालाबों का चयन हो चुका है और अब शासन से इस मद में आने वाला पैसा प्राप्त होते ही चयनित किए गए तालाबों का पुनरुद्धार कार्य शुरू कर दिया जायेगा।

सरकार का उद्देश्य जल संरक्षण को और मजबूत करना है। अमृत सरोवर 2.0 अभियान, जिसे मिशन अमृत सरोवर भी कहा जाता है। इसकी शुरुआत 24 अप्रैल 2022 को हुई थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रत्येक जिले में 75 जल निकायों का विकास और पुनरुद्धार करना है। प्रयागराज जनपद में अमृत सरोवर अभियान के शुभारम्भ के बाद से अब तक 583 तालाबों का पुनरुद्धार कार्य पूर्ण हो चुका है। जबकि 640 का चयन हुआ था।

इस वित्तीय वर्ष में अमृत सरोवर 2.0 अभियान के तहत प्रयागराज जनपद में कुल 99 तालाबों का चयन किया गया है। जिसका कार्य अतिशीघ्र शुरू हो जाएगा। जनपद के कोराव विकासखंड में सबसे अधिक तालाबों का चयन हुआ है। जिनकी संख्या 17 है। इसी तरह जसरा में 13 तालाब, करछना 8, कौंधियारा 8, शंकरगढ़ में 6,हंडिया में 6, धनूपुर विकासखंड में 5 का चयन हुआ है। भगवतपुर एवं मऊआइमा में 4—4 का चयन हुआ है। श्रृंगवेरपुर, मेजा, माण्डा में 3—3 तालाबों का चयन किया गया है। इसी क्रम में बहादुरपुर,बहरिया, होलागढ़,कौड़िहार, सैदाबाद ,उरुवा में 2—2 तालाबों का चयन हुआ है।

विकास खण्ड सोरांव, सहसों,फूलपुर,प्रतापपुर, चाका में एक—एक तालाब का चयन किया गया है। चयनित किए गए तालाबों का पुनरुद्धार कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Next Story