उत्तर प्रदेश

Prayagraj: प्रयागराज में तालाब बना मौत का कारण, चार बच्चों की जान गई

Admindelhi1
14 Jan 2026 1:06 PM IST
Prayagraj: प्रयागराज में तालाब बना मौत का कारण, चार बच्चों की जान गई
x

प्रयागराज: प्रयागराज जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर चौकी अंतर्गत कुसुआ गांव में स्थित एक तालाब में डूबने से चार बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे दिन के समय गांव के पास तालाब के किनारे खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे कब गहरे पानी में चले गए, किसी को इसका अंदाजा तक नहीं हुआ। काफी देर तक बच्चों के दिखाई न देने पर गांव वालों ने खोजबीन शुरू की, तो तालाब के किनारे उनके कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसके बाद जब तालाब में तलाश की गई, तो चारों के शव पानी से बरामद हुए।

क्षेत्र पंचायत की बैठक संपन्न, लगभग 19 करोड़ का बजट मंज़ूर, सदर विधायक, सांसद प्रतिनिधि रहे मौजूद ये खबर भी पढ़े : क्षेत्र पंचायत की बैठक संपन्न, लगभग 19 करोड़ का बजट मंज़ूर, सदर विधायक, सांसद प्रतिनिधि रहे मौजूद

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रतीक सोनकर (12) पुत्र प्रदीप सोनकर, प्रिंस सोनकर (10) पुत्र प्रदीप सोनकर, करण सोनकर (19) पुत्र राजेश सोनकर और प्रियांशु सोनकर (11) पुत्र स्वर्गीय संदीप सोनकर के रूप में हुई है। चारों एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

चार बच्चों की एक साथ मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण सल्लाहपुर पुलिस चौकी पहुंच गए। वहीं, कुछ परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

सूचना मिलते ही पुरामुफ्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।फिलहाल इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे कुसुआ गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

Next Story