उत्तर प्रदेश

Prayagraj: 16 फरवरी से शुरू होंगे PCS 2024 इंटरव्यू

Admindelhi1
6 Feb 2026 11:21 AM IST
Prayagraj: 16 फरवरी से शुरू होंगे PCS 2024 इंटरव्यू
x

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर (पीसीएस) परीक्षा-2024 के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के अगले ही दिन आयोग ने इंटरव्यू शेड्यूल घोषित किया। पीसीएस-2024 के साक्षात्कार कुल 33 दिनों की अवधि में 23 तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे, जो 16 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेंगे।

पीसीएस-2024 के अंतर्गत कुल 24 प्रकार के 947 पदों के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 2719 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इनमें से एक प्रकार के 60 पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। इन पदों का अंतिम परिणाम फाइनल चयन सूची के साथ घोषित किया जाएगा।शेष 887 पदों पर चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के संयुक्त आधार पर किया जाना है। इन्हीं पदों के सापेक्ष 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र घोषित किया गया है।

आयोग के अनुसार, साक्षात्कार प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित किए जाएंगे। प्रथम सत्र के अभ्यर्थियों को सुबह आठ बजे तथा द्वितीय सत्र के अभ्यर्थियों को अपराह्न 12 बजे आयोग परिसर स्थित सरस्वती भवन में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। पहले सत्र का साक्षात्कार सुबह 9:30 बजे और दूसरे सत्र का साक्षात्कार अपराह्न दो बजे से प्रारंभ होगा।

अभ्यर्थी छह फरवरी से लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर जाकर अपना साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें आवेदन पत्र, प्रमाणीकरण पत्रक, देशना पत्रक, अंकतालिका विवरण तथा अधिमान्यता प्रपत्र भी डाउनलोड कर प्रिंट निकालना होगा, जिसे साक्षात्कार के समय साथ लाना अनिवार्य है।आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक अर्हता और आवेदन में भरे गए विवरण के अनुरूप जिन पदों के लिए पात्र घोषित किए गए हैं, केवल उन्हीं पदों की वरीयता ऑनलाइन प्रदर्शित होगी।

केजीएमयू महिला रेजिडेंट शोषण मामला: डॉ. रमीज के लैपटॉप से बरामद हुई लड़कियों की अश्लील तस्वीरें ये खबर भी पढ़े : केजीएमयू महिला रेजिडेंट शोषण मामला: डॉ. रमीज के लैपटॉप से बरामद हुई लड़कियों की अश्लील तस्वीरें

इन तिथियों में होंगे साक्षात्कार

फरवरी: 16, 17, 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 26, 27 और 28

मार्च: 09, 10, 11, 12, 13, 14, 16, 17, 18, 19 और 20

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे साक्षात्कार से संबंधित समस्त दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से आयोग परिसर में उपस्थित हों।

Next Story