- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Prayagraj : गंगा तट पर...
Prayagraj : गंगा तट पर तेंदुए की मौजूदगी से दहशत, झूंसी इलाके में लोगों में हड़कंप

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: प्रयागराज के गंगा तट क्षेत्र में 22 जून की देर रात एक बार फिर तेंदुए के देखे जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। झूंसी के उल्टा किला निवासी अर्पित साहू ने बताया कि वह उस रात अपने भाई के साथ गंगा तट के किनारे इंटरलॉकिंग पर टहल रहे थे, तभी झाड़ियों की ओर एक तेंदुआ जाते हुए दिखाई दिया।
अर्पित साहू के अनुसार, तेंदुए को देखते ही दोनों भाई घबरा गए, लेकिन कुछ देर तक हिम्मत जुटाकर वहीं खड़े रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। थोड़ी ही देर बाद तेंदुआ झाड़ियों में ओझल हो गया और फिर दिखाई नहीं दिया। इस घटना के बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पार्षद को फोन कर इसकी जानकारी दी।
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच डर और चिंता का माहौल बन गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गंगा तट और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय आवाजाही पहले से ही कम होती है, लेकिन अब तेंदुए की मौजूदगी की खबरों के बाद लोग और अधिक सतर्क हो गए हैं।
23 जून को इस मामले को लेकर वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि संगम नगरी प्रयागराज और इसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले लगभग दो वर्षों से तेंदुए के देखे जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी झूंसी क्षेत्र में कई बार तेंदुआ दिखाई दिया था, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी।
कुछ महीने पहले झूंसी के छिबैया गांव में एक तेंदुआ एक घर के अंदर घुस गया था। उस समय वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में किया था। बाद में उस तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर चित्रकूट के जंगल में छोड़ दिया गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार तेंदुए के दिखने की घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि वन्यजीव मानव बस्तियों के करीब आ रहे हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग इस क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाए और तेंदुए की मूवमेंट पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही रात के समय गंगा तट और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाने की भी मांग की जा रही है।
फिलहाल, तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि के बाद लोग सतर्क हो गए हैं और बच्चों व बुजुर्गों को विशेष रूप से अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।





