- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Prayagraj: नगर पालिका...
Prayagraj: नगर पालिका का लिपिक रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार
प्रयागराज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रयागराज इकाई ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद वेल्हा, प्रतापगढ़ में तैनात लिपिक प्रशांत सिंह पर आवंटित कार्यों की शुरुआत कराने और स्थल दिखाने के बदले अवैध धनराशि मांगने का आरोप था। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद एसीबी प्रयागराज द्वारा मामले की जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।इसके बाद निरीक्षक अंजली यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने 09 जनवरी को कार्रवाई करते हुए आरोपी लिपिक को 87 हजार 500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी कामों के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





