उत्तर प्रदेश

Prayagraj: लापता ठेकेदार सलाउद्दीन की बेरहमी से हत्या

Admindelhi1
8 March 2025 10:39 AM IST
Prayagraj: लापता ठेकेदार सलाउद्दीन की बेरहमी से हत्या
x
"शव मिलने से सनसनी"

प्रयागराज: जिले के करेली थाना क्षेत्र में एक नवनिर्मित मकान में लापता ठेकेदार सलाउद्दीन (50) की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उन्हें चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया और फिर वजनी पत्थर से सिर कुचल दिया। वारदात के बाद अपराधियों ने शव को मकान में ठिकाने लगाकर बाहर से ताला बंद कर दिया और फरार हो गए। शुक्रवार सुबह ठेकेदार का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों को सूचना दी। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गुरुवार रात से लापता थे ठेकेदार

पुलिस के मुताबिक, करेली निवासी सलाउद्दीन ठेकेदारी करते थे। गुरुवार को वह किसी निजी काम से घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। परिजनों ने खुद भी तलाश की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने करेली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

शव मिलने से मचा हड़कंप

शुक्रवार सुबह परिजनों को नवनिर्मित मकान में सलाउद्दीन का शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी। मकान की फर्श पर खून बिखरा पड़ा था।

पुलिस जांच में जुटी, कई एंगल से हो रही पड़ताल

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने अभी तक किसी पर आरोप नहीं लगाया है। फिलहाल, पुलिस पुरानी रंजिश, प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों जैसे विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

इसके साथ ही मृतक के मोबाइल को जब्त कर उसकी CDR (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) रिपोर्ट खंगाली जाएगी। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Next Story