उत्तर प्रदेश

Prayagraj: प्रयागराज में नकाबपोश लुटेरों ने व्यापारी पर की गोलीबारी

Admindelhi1
23 Dec 2025 11:11 AM IST
Prayagraj: प्रयागराज में नकाबपोश लुटेरों ने व्यापारी पर की गोलीबारी
x

प्रयागराज: संगम नगरी के करछना थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दे डाली। भीरपुर हाईवे पर दुकान बंद कर घर लौट रहे एक सराफा व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी और गहनों व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। घायल व्यापारी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मझुआ गांव निवासी चंदन सोनी की भीरपुर हाईवे पर ज्वैलरी की दुकान है।

रोज की तरह चंदन सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अपनी दुकान मंगल कर (बंद कर) मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। अभी वह घोड़ेड़ीह नहर पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि अंधेरे का फायदा उठाकर पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।चंदन ने जब बदमाशों का विरोध किया और अपना बैग बचाने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उन पर तमंचा तान दिया। छीना-झपटी के दौरान बदमाशों ने चंदन के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश गहनों और नकदी से भरा बैग लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित के मुताबिक, बैग में लगभग दो किलो चांदी के आभूषण और अच्छी-खासी नकदी मौजूद थी।

गोली की आवाज सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े। वहां चंदन को घायल अवस्था में पड़ा देख तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घायल चंदन सोनी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करछना ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली पेट में लगी है, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।वारदात के बाद यमुनानगर के डीसीपी विवेक चंद्र यादव समेत आला अधिकारियों ने मौका-ए-वारदात का मुआयना किया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में पूरे इलाके और सीमाओं पर सघन नाकेबंदी कर दी है।"पीड़ित व्यापारी से प्रारंभिक पूछताछ की गई है। प्राप्त जानकारी और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" — विवेक चंद्र यादव, डीसीपी यमुनानगर

Next Story