उत्तर प्रदेश

Prayagraj: नई एयरलाइन सेवाओं से प्रयागराज और आसपास के शहरों में सुधार

Admindelhi1
8 Jan 2026 1:22 PM IST
Prayagraj: नई एयरलाइन सेवाओं से प्रयागराज और आसपास के शहरों में सुधार
x

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के संगम नगर प्रयागराज में हवाई यात्रियों के लिए खुशखबरी है। नवस्थापित शंख एयरलाइंस (Shankh Airlines) जल्द ही प्रयागराज को अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ (Lucknow) से हवाई मार्ग से जोड़ने जा रही है। वर्तमान में प्रयागराज से उत्तर प्रदेश के किसी भी शहर के लिए कोई सीधी उड़ान सेवा नहीं है, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हो रही थी। इंडिगो की लखनऊ और गोरखपुर की उड़ानें बंद होने के बाद स्थानीय लोगों को लंबे रास्ते अपनाने पड़ रहे थे और शंख एयरलाइंस ने इस कमी को पूरा करने का बीड़ा उठाया है।

कंपनी पहले चरण में इन मार्गों पर उड़ानें शुरू करेगी, जबकि अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। प्रयागराज हवाई अड्डे के निदेशक राजेश चावला ने बुधवार को यहां बताया कि शंख एयरलाइंस को प्रयागराज से जोड़ने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। एयरपोर्ट सलाहकार समिति ने हाल ही में इसके संचालन को मंजूरी दी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) आगामी ग्रीष्मकालीन शेड्यूल में इन उड़ानों को शामिल कर सकता है।

शुरुआती उड़ानें जनवरी में शुरू होने की संभावना है और मार्च से नियमित हो जाएंगी। एक समय प्रयागराज कई प्रमुख शहरों से हवाई मार्ग से सीधा जुड़ा हुआ था, लेकिन अब यह संख्या घटकर मात्र छह रह गई है। वर्तमान में, केवल दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, हैदराबाद और बिलासपुर ही सीधे जुड़े हुए हैं। शंख एयर के इस कदम से प्रयागराज की हवाई कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Next Story