- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Prayagraj: ज़मीनी...
Prayagraj: ज़मीनी विवाद में दिनदहाड़े फायरिंग, दो लोग घायल

प्रयागराज: नैनी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर ज़मीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई पंचायत के दौरान माहौल अचानक हिंसक हो गया। मामा-भांजा तालाब के पास चल रही इस पंचायत में करछना तहसील की राजस्व टीम भी मौजूद थी। तभी एक पक्ष के हिस्ट्रीशीटर ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दो लोग गोली लगने से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, करोड़ों रुपये की इस ज़मीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को दूसरे पक्ष की ओर से अधिवक्ताओं और राजस्व विभाग की टीम के साथ जमीन की पैमाइश की जा रही थी। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर रानू तिवारी ने अपने साथियों के साथ विवाद बढ़ने पर पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी और फिर मौके से फरार हो गया।
फायरिंग की सूचना पर यमुनानगर के डीसीपी विवेक यादव, एसीपी वरुण कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और हिस्ट्रीशीटर की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है।
डीसीपी विवेक यादव ने बताया कि घटना में दो लोगों को गोली लगी है, जबकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है। फायरिंग पिस्टल से की गई थी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय हैं।
इस बीच, नैनी थाने पर कवरेज के दौरान एक मीडिया कर्मी को पुलिस ने कवरेज से रोकते हुए लाठी लेकर दौड़ा लिया, जिससे पत्रकारों में नाराज़गी का माहौल बन गया है।





