उत्तर प्रदेश

Prayagraj: प्रयागराज–गोरखपुर वंदे भारत के समय में बदलाव की मांग तेज

Admindelhi1
20 Feb 2026 2:28 PM IST
Prayagraj: प्रयागराज–गोरखपुर वंदे भारत के समय में बदलाव की मांग तेज
x

प्रयागराज: प्रयागराज–गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन समय में बदलाव की मांग तेज हो गई है। वर्तमान में यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से दोपहर 3:15 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होती है, लेकिन यात्रियों और प्रयागराज जंक्शन यात्री सलाहकार समिति का कहना है कि यह समय अव्यावहारिक है। समिति ने मांग की है कि ट्रेन को सुबह 6 बजे संचालित किया जाए, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके और ट्रेन की खाली सीटों की समस्या दूर हो।

यात्री सलाहकार समिति के सदस्य उमेश चंद्र कक्कड़ और सदस्य उत्तम कुमार केसरवानी ने बताया कि मौजूदा समय के कारण ट्रेन में अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। उनका कहना है कि दोपहर बाद प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाले अधिकांश यात्री पहले ही अन्य ट्रेनों से प्रस्थान कर चुके होते हैं। ऐसे में वंदे भारत एक्सप्रेस की 650 से अधिक सीटों में से बड़ी संख्या खाली रह जाती है।

समिति का तर्क है कि यदि ट्रेन सुबह 6 बजे चलाई जाए तो व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और चिकित्सकीय कार्य से यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। सुबह प्रस्थान करने पर यात्री गोरखपुर पहुंचकर उसी दिन अपने कार्य निपटा सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर वापसी की अन्य ट्रेनों से लौट भी सकेंगे।

यात्रियों का यह भी कहना है कि इसी रूट पर संचालित अन्य ट्रेनों में सीटों की भारी मांग रहती है और कई बार प्रतीक्षा सूची लंबी हो जाती है, जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस में पर्याप्त सीटें उपलब्ध रहती हैं। इससे रेलवे को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।

समिति ने उत्तर रेलवे प्रशासन और रेलवे बोर्ड को पत्र भेजकर समय परिवर्तन पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि वंदे भारत जैसी प्रीमियम और आधुनिक सुविधा वाली ट्रेन का संचालन तभी सफल माना जाएगा, जब उसकी समय-सारिणी यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप हो।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रस्ताव मिलने पर यात्री संख्या, परिचालन सुविधा और अन्य तकनीकी पहलुओं का अध्ययन कर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल समय परिवर्तन को लेकर अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड स्तर पर लिया जाना है।

Next Story