- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Prayagraj: छात्रा के...
Prayagraj: छात्रा के सुसाइड केस में साइबर ब्लैकमेलिंग की आशंका

प्रयागराज: एक प्रतियोगी छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। शिवकुटी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहने वाली प्रतियोगी छात्रा का शव फंदे से लटका देख मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि छात्रा के साथ हजारों रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इससे वह काफी परेशान थी।
माना जा रहा है कि इसी से आजिज आकर उसने जान दे दी। पुलिस जांच कर रही है।
बलिया के रसड़ा खलीलपुर गांव के रहने वाले जयनाथराम के एक पुत्र व एक पुत्री में 20 वर्षीया दिव्यांशी बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह शिवकुटी स्थित गोविंदपुर में किराये का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह यहां एक वर्ष से रह रही थी। छह दिन पहले ही वह घर से यहां आई थी। गुरुवार सुबह कमरा बंद कर उसने फंदे से लटककर जान दे दी। काफी देर तक वह नजर नहीं आई तो मकान मालिक ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई आहट नहीं मिली। दरवाजे पर दस्तक देने पर भी जब कोई आहट नहीं मिली तो उन्होंने खिड़की से कमरे के भीतर देखा। अंदर दिव्यांशी की लाश फंदे से लटक रही थी। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस को पता चला कि कुछ समय पहले छात्रा के साथ साइबर ठगी हुई थी। उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया था, उसे क्लिक करते ही खाते से रुपये कट गए थे। उसने रुपये कटने की जानकारी अपने परिवार को भी दी थी। इसके बाद वह परेशान रहती थी। शिवकुटी थाना प्रभारी का कहना है कि मृतका के मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। साइबर ठगी की बात पता चली है, जिसकी भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मौत की वजह साफ नहीं है। ठगी की बात सामने आई है। इसकी जांच की जाएगी।





