उत्तर प्रदेश

Prayagraj: प्रयागराज में बड़ा खतरा टला, तालाब में समाया प्रशिक्षण विमान

Admindelhi1
21 Jan 2026 4:29 PM IST
Prayagraj: प्रयागराज में बड़ा खतरा टला, तालाब में समाया प्रशिक्षण विमान
x

प्रयागराज: शहर के सिविल लाइंस इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब केपी कॉलेज के पास एक प्रशिक्षण विमान अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा। मेडिकल चौराहे के नजदीक हुई इस घटना में विमान में सवार दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोगों की नजर तालाब में गिरे विमान पर पड़ी। विमान गिरते ही आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तालाब में पानी के साथ जलकुंभ फैला होने के कारण बचाव कार्य में शुरुआती परेशानी जरूर हुई, लेकिन स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत मदद शुरू कर दी।

स्थानीय नागरिकों ने बिना समय गंवाए विमान तक पहुंचकर उसमें फंसे दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।

घटना की जानकारी मिलते ही सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर इसे प्रशिक्षण उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना ने एक बार फिर शहरी क्षेत्र में प्रशिक्षण उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story