उत्तर प्रदेश

Pratapgarh: लॉकअप में युवक ने धारदार हथियार से खुद को किया घायल

Admindelhi1
24 Oct 2025 9:05 AM IST
Pratapgarh: लॉकअप में युवक ने धारदार हथियार से खुद को किया घायल
x

प्रतापगढ़: मानिकपुर थाने में चोरी के आरोप में लाए गए एक युवक ने लॉकअप में अपना गला काट लिया. उसे गंभीर हालत में रायबरेली एम्स में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद एसपी ने थानाध्यक्ष दीप नारायण को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. मामला मानिकपुर कोतवाली का है. युवक कुंडा कोतवाली के जमेठी का निवासी 24 वर्षीय शिवम सिंह है. पुलिस उसे चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए मानिकपुर थाने 17 अक्टूबर से लाई थी. परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे पांच दिन पहले ले गए थे और उसकी मां दर-दर खोजती रही. थाने जाने के बाद भी पुलिस वाले जानकारी नहीं दे रहे थे.

इस बीच आज सुबह लॉकअप में बंद शिवम सिंह ने धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया. इस घटना से थाने में हड़कंप मच गया. पुलिस कर्मियों ने तुरंत उसे रायबरेली एम्स पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने घटना का संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष दीप नारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन्होंने सीओ कुंडा अमरनाथ को मामले की जांच सौंपी है.

मामले में एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि जमेठी, कुंडा के रहने वाले शिवम को दो चोरी की मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया था. गुरुवार सुबह शौच जाते समय उसने किसी धारदार चीज से अपने गले पर वार कर लिया. जिसके बाद उसको इलाज के लिए एम्स रायबरेली में भर्ती किया गया है. अब उसकी हालत खतरे से बाहर है. सीओ कुंडा की जांच की आधार पर पुलिस अधीक्षक ने लापरपावही बरतने पर मानिकपुर एसएचओ को निलंबित कर दिया है. जांच-पड़ताल जारी है.

Next Story