उत्तर प्रदेश

Pratapgarh: भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत

Admindelhi1
17 May 2026 7:18 PM IST
Pratapgarh: भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत
x
"सड़क हादसे में तीन युवकों ने मौके पर तोड़ा दम"

प्रतापगढ़: जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। धमोतर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-56 पर सेवरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही तीनों युवक करीब 30 फीट दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर उसे बाद में पकड़ लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर अत्यधिक तेज गति से चल रहा था और चालक लापरवाही बरत रहा था। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही धमोतर थाना अधिकारी घीसूलाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया गया।

पुलिस जांच में मृतकों की पहचान राजू (35) निवासी पीपली खेड़ा टिकनिया, प्रतापगढ़ तथा अकलाख (29) और अब्बास (30) निवासी जगपुरा, राजसमंद के रूप में हुई।

राजू मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने सेवरा गांव आया था। उसकी मौत से उसकी पांच बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं अब्बास और अकलाख लकड़ी कटाई के काम से प्रतापगढ़ आए थे और देर रात घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

घटना के बाद तीनों परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को पकड़ लिया है और मामले की जांच जारी है।

Next Story