उत्तर प्रदेश

Pratapgarh: बिजली उपकेंद्र के एसएसओ ने फंदे से लटककर दी जान, बंद कमरे में मिला शव

Admindelhi1
2 Sept 2026 9:21 AM IST
Pratapgarh: बिजली उपकेंद्र के एसएसओ ने फंदे से लटककर दी जान, बंद कमरे में मिला शव
x
एसएसओ का बंद कमरे में मिला शव, फंदे से लटका देख मची सनसनी

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में उदयपुर विद्युत उपकेंद्र में तैनात वरिष्ठ स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) का शव मंगलवार को सरकारी आवास में फंदे से लटकते मिलने से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू कर दी। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

उदयपुर बाजार के समीप स्थित विद्युत उपकेंद्र में तैनात विवेक कुमार यादव पिछले पांच माह से अवर अभियंता के रिक्त पद का भी प्रभार संभाल रहे थे। मंगलवार को अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार ने किसी सरकारी कार्य के सिलसिले में उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। दोबारा संपर्क न होने पर सांगीपुर के एसडीओ प्रशांत कुमार को जानकारी दी गई।

एसडीओ के निर्देश पर उपकेंद्र के कर्मचारी विवेक के सरकारी आवास पहुंचे। वहां कमरा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। संदेह होने पर कर्मचारियों ने कमरे के अंदर झांककर देखा तो विवेक का शव फंदे से लटकता मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची उदयपुर पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को नीचे उतरवाया। मृतक विवेक कुमार यादव जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र के मीरगंज कुंवारदहा गांव के निवासी थे। बताया गया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी पत्नी और बच्चे घर गए हुए थे।

घटना के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार के सदस्य मौके पर मौजूद न होने के कारण पुलिस को भी शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। सूचना मिलने पर अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार और एसडीओ प्रशांत कुमार भी उपकेंद्र पहुंचे।

पुलिस ने मृतक की पत्नी को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के उपकेंद्र पहुंचने तक शव को वहीं रोके रखने की बात भी सामने आई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Next Story