- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Pratapgarh: राजा भैया...

प्रतापगढ़: कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह की पत्नी भानवी सिंह और उनकी बहन साध्वी सिंह के बीच मंगलवार रात तीखी नोकझोंक हो गई। भानवी सिंह का आरोप है कि बहन साध्वी सिंह ने माता-पिता से मिलने नहीं दिया। वहीं, साध्वी सिंह ने भानवी सिंह पर माता-पिता को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं।
इसकी सूचना मिलने पर हजरतगंज पुलिस पहुंच गई। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। भानवी सिंह ने कहा कि वह बुधवार को इस प्रकरण में अपना पक्ष रखेंगी।बताया जा रहा है कि भानवी सिंह मंगलवार रात पिता रवि प्रताप सिंह और मां मंजू सिंह से मिलने गोखले मार्ग स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 201 में आई थीं।
रवि प्रताप सिंह और मंजू सिंह भानवी सिंह की बहन साध्वी सिंह के साथ रहते हैं। आरोप है कि साध्वी ने भानवी को माता-पिता से मिलने नहीं दिया। इससे दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक होने लगी। बात इतनी बढ़ी कि सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। भानवी कुछ देर रुकने के बाद वहां से चली गईं।
हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें माता-पिता से मिलने नहीं दिया गया। उधर, साध्वी ने भी इस प्रकरण में अपना कोई पक्ष नहीं दिया है। पुलिस के सामने उन्होंने माता-पिता को जबरन ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, यह पारिवारिक मामला है। अगर तहरीर मिलेगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।





