उत्तर प्रदेश

Pratapgarh: क्रिकेट के विवाद ने लिया उग्र रूप, पुलिस पर हमला, 34 हिरासत में

Admindelhi1
9 Jun 2025 1:31 PM IST
Pratapgarh: क्रिकेट के विवाद ने लिया उग्र रूप, पुलिस पर हमला, 34 हिरासत में
x

प्रतापगढ़: रानीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर जोगियान गांव में बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर पुरानी रंजिश शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच हुए पथराव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। हालात को काबू में करने के लिए चार थानों की फोर्स, दो सेक्शन पीएसी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले शाहरुख खान और मोहम्मद मुस्तफा के घर के बच्चों के बीच क्रिकेट खेलते समय विवाद हुआ था, जिसमें शाहरुख के बच्चों के साथ मारपीट की गई थी। कुछ दिन पहले इसी मामले में जवाबी कार्रवाई के तहत दूसरे पक्ष के बच्चों के साथ भी मारपीट हुई। इसी रंजिश को लेकर शनिवार शाम दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।

इस दौरान करीब 50-60 लोगों ने घरों की छतों से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, रॉड और सब्बल से हमला शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची रानीगंज पुलिस के समझाने के बावजूद भीड़ बेकाबू रही और पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी, एएसपी पूर्वी, फतनपुर, मानधाता व देहात कोतवाली की पुलिस टीम और पीएसी को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए इलाके की घेराबंदी कर 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

एफआईआर दर्ज, 41 नामजद, 10-15 अज्ञात

एसआई अश्वनी कुमार पटेल की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्षों के 41 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला व पुलिसकर्मियों पर हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं

ताज मोहम्मद, मोहम्मद रफीक, ताजुद्दीन, दरोगा अली, अमन अली, रईश अहमद, अली अहमद, महफूज खान, मुन्ने, जावेद, सगीर अहमद, मोहम्मद दिलशाद, इरशाद अली, सलीम, मुसीम, मुमताज अली, मोहम्मद शेबू, मोहम्मद हनीफ, अरबाज, मोहम्मद नईम, अफरुद्दीन, सलमान, मोहम्मद शहजाद, शाहिद, मोहम्मद इमरान, सहजाद खान, मोहम्मद साहिल, अमजद, कैफ हुसैन (शाहपुर), मोहम्मद नसीम (प्रयागराज), मोहम्मद फिरोज (तिलई), जावेद (जौनपुर), अबू (उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल) और सरफुद्दीन (दुर्ग, छत्तीसगढ़)।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गांव में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है लेकिन पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Next Story