उत्तर प्रदेश

2023 की राजनीतिक संभावनाओं के चलते खत्म होगी सांप्रदायिक व नफरती राजनीति: अखिलेश यादव

Admin Delhi 1
3 Jan 2023 8:13 AM GMT
2023 की राजनीतिक संभावनाओं के चलते खत्म होगी सांप्रदायिक व नफरती राजनीति: अखिलेश यादव
x

लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सन 2023 की राजनीतिक संभावनाओं के चलते सन 2024 में सांप्रदायिक और नफरती राजनीति खत्म होगी और राष्ट्रीय राजनीति में समाजवादी विचारधारा का रास्ता प्रशस्त होगा। नववर्ष पर जारी बयान में अखिलेश ने कहा कि सपा को जब भी मौका मिला तो उसने देश की जनता के लिए सर्वहितकारी और सर्वोत्तम कार्य किए हैं। लेकिन सत्तासीन भाजपा सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है।

सपा लोकतंत्र, समाजवाद तथा धर्मनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए संकल्पित है। इसीलिए देश के घटनाचक्र पर गहरी नजर रखने के साथ सपा राष्ट्रहित में मजबूती से राजनीतिक हस्तक्षेप करती रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की आर्थिक, सामाजिक और कृषि नीतियां सुस्पष्ट हैं। सपा हमेशा छोटे और मध्यम उद्योगों को आगे को बढ़ावा देने की समर्थक रही है। यही उद्योग आज के वर्तमान आर्थिक परिवेश में सबसे ज्यादा रोजगार देते हैं। पार्टी किसानों और सामाजिक न्याय के जरिए सभी वर्गों के उत्थान, कल्याण तथा उनके सपनों को साकार करने के लिए संकल्पित है।

Next Story