उत्तर प्रदेश

परिवर्तन के लिए मंथन में लगे हुए राजनीतिक चाणक्य, मुस्लिम बाहुल्य का मिलता है अधिक लाभ

Admin Delhi 1
10 Dec 2022 1:40 PM GMT
परिवर्तन के लिए मंथन में लगे हुए राजनीतिक चाणक्य, मुस्लिम बाहुल्य का मिलता है अधिक लाभ
x

सरधना: समय के साथ निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गर्मी भी बढ़ती जा रही है। सरधना में नगर पालिका अध्यक्ष पद पर परिवर्तन के लिए राजनीति के चाणक्य मंथन में लग गए हैं। तीन बार जीत का ताज अपने सिर पहन चुकी वर्तमान चेयरपर्सन सबीला अंसारी व उनके पति निजाम अंसारी की प्रतिष्ठा भी दाव पर है। जहां एक ओर राजनीति के धुरंधर सरधना का निजाम बदलने का गणित बैठा रहे हैं। वहीं वर्तमान चेयरर्सन गुट भी फिर से जनता का विश्वास जीतने के लिए पूरी टीम के साथ मैदान में उतर चुका है। सरधना मुस्लिम बाहुल्य और उसमें भी अंसारी वोट अधिक होने के कारण निजाम अंसारी गुट का तिलिस्म तोड़ना बड़ी चुनौती है। इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने के लिए खुद पूर्व विधायक संगीत सोम मैदान में उतर गए थे, लेकिन इसके बाद भी सीट हाथ नहीं आई थी। इस बार भी भाजपा से एक मजबूत प्रत्याशी उतारने की तैयारी की जा रही है। वहीं अन्य विपक्षी भी अपनी राजनीति जमीन मजबूत करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।

सरधना नगरी का इतिहास जितना पुराना है, यहां का राजनीतिक खेल भी उतरा ही पेचीदा है। सरधना में नगर पालिका के चुनाव में चेयरमैन पद लंबे समय से मुस्लिम वर्ग के खाते में चला आ रहा है। उसमें भी निजाम अंसारी गुट सीट पर सबसे अधिक समय तक काबिज रहने में शीर्ष पर है। इसके पीछे का कारण साफ है। वो यह कि कस्बा मुस्लिम बाहुल्य है। उसमें भी सबसे अधिक वोट अंसारी समाज की मानी जाती है। जिसका पूरा फायदा निजाम अंसारी को मिलता है। वर्ष 2003 में पहली बार निजाम अंसारी चेयरमैन बने थे।

इसके बाद महिला सीट आने पर वर्ष 2007 में उनकी पत्नी सबीला अंसारी के सिर जीत का ताज सजा। वर्ष 2012 में सामान्य सीट पर आने के बाद निजाम अंसारी को जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ा और कुर्सी असद गालिब के खाते में गई। मगर फिर से लोगों ने मन बदला और 2017 में सबीला अंसारी को कस्बे की जिम्मेदारी सौंपी। अब निकाय चुनाव आए तो राजनीतिक गर्मी भी बढ़ गई है। जहां राजनीति के धुरंधरों के सामने सरधना का निजाम बदलने की चुनौती है। वहीं निजाम अंसारी गुट के सामने भी अपनी प्रतिष्ठा बचाए रखने की परीक्षा है।

एक ओर निजाम अंसारी गुट ने जनता के बीच उतरकर विश्वास जीतने का काम शुरू कर दिया है। वहीं अन्य दावेदारों ने भी अपनी जीत के लिए दिन रात एक कर दिए हैं। उधर, भाजपा नेता भी इस बार भी पूरी गंभीरता से मंथन कर रहे हैं कि ऐसा प्रत्याशी मैदान उतार जाए जो लंबे समय से चले आ रहे सूखे को दूर कर सके। भाजपा का सिंबल लेने के लिए अब तक तीन दावेदार आवेदन कर चुके हैं और कई अभी भी कतार में हैं। कुल मिलाकर सत्ता परिवर्तन के लिए विपक्षियों के सामने बड़ी चुनौती है। जिससे पार पाने के लिए नेता हर संभव गठजोड़ करने में लगे हुए हैं।

विधायक भी नहीं दिला पाए थे जीत: राजनीति तौर पर सरधना सीट बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंंकि सरधना को पूर्व विधायक संगीत सोम का गड़ माना जाता है। विधायक अतुल प्रधान भी सरधना पर पूरी दावेदारी करते हैं। गत चुनाव में परिवर्तन के लिए संगीत सोम खुद चुनावी मैदान में उतरे थे। मगर इसके बाद भी भाजपा प्रत्याशी नहीं जीत पाया था। सपा प्रत्याशी के रूप में सबीला अंसारी को जीत मिली थी। इस लिहाज से यह सीट बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अभी पार्टी के पत्ते खुलना भी बाकी: फिलहाल तमाम दावेदार चुनावी मैदान में हैं। मगर पार्टी के हिसाब से पत्ते खुलने बाकी हैं। क्योंकि सिंबल का मतलब अपने आप में एक मुकम्मल वोट बैंक होता है। भाजपा से सिंबल लेने के लिए दावेदारों की लाइन लगी है। अब तक तीन दावेदार सिंबल के लिए आवेदन कर चुके हैं। वहीं, सपा से सिंबल लेने के लिए भी कई लोग दावेदारी कर रहे हैं। दोनों की पार्टी के नेता एक-दूसरे के पत्ते खुलने के इंतजार में हैं।

हल्की राजनीति हो बने बात: सरधना निकाय सीट जीतने के लिए हल्की राजनीति की जरूरत है। क्योंकि किसी भी एक वर्ग की वोट से चुनाव जीतना संभव नहीं है। यह बात भाजपा के नेता भी समझ रहे हैं। इसलिए भाजपा की ओर से भी ऐसे दावेदार को सिंबल मिलने की संभावना है, जो सभी वर्ग के लोगों की वोट पा सके। इसी नीति पर ही चुनाव को मजबूत बनाया जा सकता है।

Next Story