उत्तर प्रदेश

बैटरी चोरी की कई वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा

Admindelhi1
23 Nov 2026 1:56 PM IST
बैटरी चोरी की कई वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा
x
बसों और ट्रैक्टरों की बैटरी चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बसों और ट्रैक्टरों से लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं का नगीना देहात थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 14 बैटरियां बरामद की हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है।

एसपी ग्रामीण गौतम राय के अनुसार, 21 नवंबर को सचिन विश्नोई ने नगीना देहात थाने में बैटरी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि गांव माहेलका विश्नोई सराय में खड़ी चार बसों से आठ बैटरियां चोरी कर ली गई थीं।

इसके अलावा कोटकादर गांव में सोनू कुमार और रिंकू के ट्रैक्टरों से एक-एक बैटरी चोरी होने की घटना सामने आई थी। चंदनवाला गांव में भी एक ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने रविवार को कोटकादर निवासी दिलशाद पुत्र इकरार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने नगीना देहात थाना क्षेत्र से 12 बड़ी और बढ़ापुर थाना क्षेत्र से दो छोटी बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की सभी 14 बैटरियां बरामद कर लीं। साथ ही चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शे को भी जब्त किया गया। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) बढ़ाई गई है।

पुलिस के अनुसार, दिलशाद के खिलाफ नगीना देहात और बढ़ापुर थानों में चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Story