उत्तर प्रदेश

पुलिस ने किया खुलासा: सदर सराफा में दो बदमाशों ने की थी वारदात

Admin Delhi 1
23 Feb 2023 12:42 PM GMT
पुलिस ने किया खुलासा: सदर सराफा में दो बदमाशों ने की थी वारदात
x

मेरठ: सदर सराफा बाजार में ज्वेलरी शॉप से 15 लाख कीमत की सोने की चेन की गठरी चोरी करने वाले बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना में एक बदमाश नहीं बल्कि दो बदमाश शामिल थे। एक ने शॉप पर आकर वारदात को अंजाम दिया था। जबकि दूसरा बदमाश थोड़ी दूर जाकर बाइक पर खड़ा होकर अपने साथी का इंतजार कर रहा था। घटना के बाद दोनों बदमाश बाइक पर फरार होते देखे गए थे।

सदर थाना क्षेत्र सदर सराफा बाजार स्थित पदम प्रकाश जैन ज्वेलर्स की शॉप से शनिवार शाम के वक्त सराफ अक्षय जैन के सामने से ही एक बदमाश सोने की चेन से भरी एक पोटली लेकर फरार हो गया था। पोटली में 25 से 30 के बीच सोने की चेन रखी थी। जिनकी कीमत ज्वेलर्स के अनुसार 15 लाख के करीब थी। शनिवार के समय जब अक्षय जैन अपनी शॉप पर बैठे थे। उसी समय एक व्यक्ति वहां आया और उनसे चांदी के जेवरात दिखाने के लिए कहने लगा।

अक्षय ने उक्त व्यक्ति को जेवरात दिखाने शुरू कर दिए। इसी बीच मौका पाकर व्यक्ति ने काउंटर में रखी सोने की चेन से भरी एक पोटली चोरी कर ली। आरोपी कुछ जेवरात लेकर वहां से नौ दो ग्यारह हो गया, लेकिन जब अक्षय ने रविवार सुबह शॉप पर आकर ज्वेलरी का लेखा जोखे का मिलान किया तो सोने की कई चेन गायब थी। यह देख ज्वेलर की नींद उड़ गई। जिसके बाद थाना सदर पुलिस को घटनी की जानकारी दी गई।

पुलिस ने घटना के बाद मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक युवक शॉप से ज्वेलरी लेकर भागता दिखाई दिया। जबकि कुछ दूरी पर उसका एक साथी बाइक पर इंतजार कर रहा था। घटना के बाद आरोपी वहां से निकलकर थोड़ा दूर जाकर बाइक पर साथी के साथ बैठकर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो जानकारी हुई कि घटना में एक नहीं दो बदमाश शामिल थे। पुलिस को कैमरों में दोनों आरोपियों की तस्वीरें साफ तौर पर स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि जल्दी ही घटना से पर्दा उठा दिया जायेगा। पुलिस ने आरोपियों तक जल्दी ही पहुुंचने की बात की है।

Next Story