- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Police ने आरोपी ट्रक...
Police ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

Moradabad मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शिमलाठेर गांव में एक ट्रक ड्राइवर ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, आरोपी महेश (40) ट्रक चालक है और एक निजी नेटवर्क कंपनी से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले अमरोहा जिले के हसनगंज निवासी राजवती (35) से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं।
बताया गया कि बुधवार रात महेश शराब पीकर घर लौटा था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के बाद सभी ने खाना खाया और घर में सो गए। लेकिन रात करीब 1 बजे महेश ने कथित तौर पर सो रही अपनी पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी घर से भागा नहीं, बल्कि शव के पास ही बैठा रहा। लगभग एक घंटे बाद उसने गांव के प्रधान मोहम्मद वारिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। प्रधान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति महेश को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पत्नी पर अवैध संबंधों का शक जताया है। उसका कहना है कि इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। परिजनों और ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





