उत्तर प्रदेश

पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर की हत्या का किया खुलासा, चार आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे

Admin4
12 Dec 2022 6:23 PM GMT
पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर की हत्या का किया खुलासा, चार आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे
x
बांदा। पांच दिन पूर्व हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद शव को कुल्हाड़ी से काट दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घटना का खुलासा करने के लिए चार टीमें गठित की थीं। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से आला कत्ल दो तमंचे, दो कुल्हाड़ी, एक अदद मोबाइल फोन बरामद कर लिया। मुख्य आरोपी समेत दो लोग फरार हैं। पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।
पैलानी थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव निवासी लोहा सिंह (30) पुत्र भूरा सिंह की पांच दिन पहले खेत जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी। शव को पानी भरी खंती में फेंक दिया। जीवित रहने की आशंका पर हमलावरों ने उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। शव को पुआल में ढककर फरार हो गए।
परिजनों ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस जांच पड़ताल में छह लोगों को ही मान रही थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं। थानाध्यक्ष पैलानी कुलदीप कुमार तिवारी ने घटना में शामिल मृतक के साले सौरभ सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी चंदवारा, दीपक मिश्रा पुत्र प्रमोद कुमार मिश्रा निवासी गौरा देवी नई बस्ती हमीरपुर, कुंवर सिंह उर्फ नन्हे पुत्र संतोष कुमार निवासी पातालेश्वर मंदिर मिश्राना मुहाल हमीरपुर, योगेश उर्फ बिट्टू पुत्र रतनलाल धुरिया निवासी कांशीराम कालोनी लक्ष्मीबाई पार्क हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से आला कत्ल बरामद कर लिया।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि मृतक लोहा सिंह हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। वह अपनी पत्नी के ऊपर तरह-तरह के आरोप लगाता था। उसने अपनी पत्नी के माथे पर कुछ अपशब्द भी गुदवा दिए थे। इसी बात को लेकर लोहा सिंह का ससुरालीजनों से विवाद चल रहा था।
वहीं मृतक की पत्नी के मौसेरे भाई मोनू सिंह से इसी बात को लेकर लोहा सिंह का विवाद हो गया था। मोनू सिंह भी टापटेन अपराधी है। विवाद होने के बाद ही मोनू सिंह ने लोहा सिंह की हत्या करने का ताना बाना बुना था। उसने घटना वाले दिन अपने अन्य साथियों को बुलवा लिया था और खेत जाते समय लोहा सिंह की हत्या कर दी गई। मोनू सिंह हमीरपुर का हिस्ट्रीशीटर और टापटेन अपराधी है। वह और उसका साथी सूरज द्विवेदी पुत्र अशोक द्विवेदी निवासी पातालेश्वर मंदिर मिश्राना हमीरपुर अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
Admin4

Admin4

    Next Story