- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- NH-58 पर पुलिस-बदमाश...
NH-58 पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़, चोरी की स्कूटी संग गैंगस्टर दबोचा

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। एनएच-58 स्थित बागोवाली चौकी के सामने चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में शातिर अपराधी तालिब को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश चोरी, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में आरोपी है। उसके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार और थाना प्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान भागा बदमाश, पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को थाना नई मंडी पुलिस टीम बागोवाली चौकी के सामने एनएच-58 पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेरठ की ओर से एक स्कूटी सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक ने रुकने के बजाय स्कूटी को मोड़ लिया और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर भट्टे के सामने कच्चे रास्ते पर स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद बदमाश स्कूटी छोड़कर पास के ईख के खेत में घुस गया। पुलिस के अनुसार, खेत में छिपकर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
चेतावनी के बाद पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस टीम ने बदमाश को कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तालिब पुत्र महबूब निवासी ग्राम ककराला, थाना भोपा, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से हथियार और चोरी की स्कूटी बरामद की है।
डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमों में आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि तालिब एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर समेत उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में लूट, डकैती, चोरी, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
थाना नई मंडी में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 317(5) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25/28 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इस कार्रवाई में थाना नई मंडी प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक संदीप चौधरी, शुभम चौहान, शेखर कंडपाल सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
मुजफ्फरनगर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





