- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ठगी के बुने जाल में...
उत्तर प्रदेश
ठगी के बुने जाल में फंसी पुलिस, पूछताछ के बाद 21 लड़कियों को छोड़ा
Admin4
16 Nov 2022 6:25 PM GMT

x
मुरादाबाद। एक दिन पहले 27 युवक व युवतियों को हिरासत में लेकर ठगी करने वाले बड़े गिरोह के पकड़े जाने का पुलिसिया दावा बुधवार को फुस्स हो गया। ठगी करने वाले गिरोह में शामिल होने के संदेह में पकड़ी गई 21 लड़कियों को थाने से घर भेज दिया गया। एक युवती व पांच युवक अभी भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। सभी से पूछताछ भी हो रही है, लेकिन पूरी कानूनी प्रक्रिया दिग्भ्रम की शिकार है। पुलिस अधिकारी खुल कर कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं।
सिविल लाइंस सीओ अनूप कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को एसओजी ने चड्ढा कांप्लेक्स व हैलट रोड स्थित दो काल सेंटरों पर छापेमारी की। दोनों जगह से 22 युवतियां व पांच युवक पकड़े गए। पूछताछ पर पुलिस ने बताया कि सस्ते दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला एक बड़ा गिरोह पकड़ा गया है। गिरोह में 22 युवतियों व पांच युवकों के शामिल होने का दावा हुआ। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरोह का सरगना रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
सिविल लाइंस थाने में आरोपियों से पूरी रात पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने अचानक 21 लड़कियों को उनके घर भेज दिया। बताया कि उक्त लड़कियां ठगों की कंपनी में सिर्फ पांच हजार रुपये मासिक की नौकरी करती थीं। ठगी से उनका सीधा सरोकार नहीं हैं। आर्थिक रूप से कमजोर घरों से ताल्लुक रखने वाली लड़कियों पर दरियादिली दिखाते हुए पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया।
उधर स्वाती नामक युवती व पांच युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस अभी भी पूछताछ कर रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लड़कियों की मदद से वह आम व निरीह लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। बड़े कांप्लेक्स में किराए का फ्लैट लेकर वह ग्राहकों को लोन मिलने का यकीन दिलाते थे। दो से चार महीने के बाद स्थान छोड़ देते थे।
चड्ढा कांप्लैक्स के काल सेंटर का संचालन डिलारी निवासी लखेन्द्र व रामपुर के सैफनी निवासी रवि चौधरी कर रहा था। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर होती थी, उसे रिकवर करने के लिए आरोपियों को मोबाइल सिम और खाता नंबर मिलते थे। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि जांच जारी है। ठगी के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद पर्दे के पीछे की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Admin4
Next Story