- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- फर्जी वोटिंग को लेकर...
उत्तर प्रदेश
फर्जी वोटिंग को लेकर पुलिस-भाजपाइयों में झड़प, सपा प्रत्याशी के घर पर बवाल
Deepa Sahu
14 Feb 2022 5:41 PM GMT
![फर्जी वोटिंग को लेकर पुलिस-भाजपाइयों में झड़प, सपा प्रत्याशी के घर पर बवाल फर्जी वोटिंग को लेकर पुलिस-भाजपाइयों में झड़प, सपा प्रत्याशी के घर पर बवाल](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/02/14/1500487-65.webp)
x
यूपी विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान शाहजहांपुर में दिनभर शांति के बाद शाम में बवाल हो गया।
यूपी विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान शाहजहांपुर में दिनभर शांति के बाद शाम में बवाल हो गया। तिलहर के निगोही क्षेत्र में दो स्थानों पर भाजपा और सपा के लोगों में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए मारपीट और पथराव हो गया।
इस दौरान पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। पथराव हुआ तो दोनों ओर के कई लोगों के सिर फूट गए। देर शाम तक भाजपा वालों का प्रदर्शन जारी रहा। इसी तरह से ददरौल क्षेत्र में रोजा थाने के एक दरोगा को सपाइयों ने पीटने की कोशिश की।
भाजपा प्रत्याशी का पुलिस पर फर्जी वोटिंग का आऱोपभाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा ने पुलिस पर रुपए लेकर सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा के पक्ष में वोट डालने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस पर उनके समर्थकों ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने पहले तो लोगों को समझाने की कोशिश की, जब नहीं माने तो जमकर लाठी भांजी। इसके बाद भाजपा खेमे में आक्रोश बढ़ गया। कुछ लोग प्रत्याशी सलोना के साथ थाने में जमा रहे तो वहीं कुछ ने सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा के घर पर हल्ला बोल दिया।
आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोशनलाल वर्मा के घर पर पथराव और फायरिंग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली है। मौके से खोखे बरामद हुए हैं। तनाव के चलते पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई है। अफसर भी मौके पर पहुंचे हैं।
निगोही कस्बे के इस मतदान केंद्र से बढ़ा विवाद
मामला निगोही कस्बे के आदर्श इंटर कॉलेज मतदान केंद्र का है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे यहां पर भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा समर्थकों के साथ पहुंचीं। सलोना कुशवाहा की मानें तो उनके समर्थकों ने बूथ पर फर्जी मतदान को पकड़ लिया। उन्होंने पुलिस पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। सलोना ने कहा कि पुलिस रुपए लेकर सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा के पक्ष में वोट डलवा रही है। सलोना के मुताबिक, जब उन्होंने इंस्पेक्टर को फोन किया तो उनसे अभद्रता की गई।
इससे नाराज कार्यकर्ता निगोही थाना घेरकर हंगामा और प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वो नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। 6-7 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज होने पर और कार्यकर्ता निगोही थाना पहुंच गए। मौके पर भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा भी मौजूद हैं। पुलिस के आला अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे।
![Deepa Sahu Deepa Sahu](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/03/14/1542687-8a13ff49-c03a-4a65-b842-ac1a85bf2c17.webp)
Deepa Sahu
Next Story