उत्तर प्रदेश

पत्नी को जलाने वाला पति पुलिस ने किया गिरफ्तार

Admin4
6 March 2023 12:19 PM GMT
पत्नी को जलाने वाला पति पुलिस ने किया गिरफ्तार
x
नोएडा। नोएडा की थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी पत्नी को जलाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 2 मार्च की रात को पीआरवी ने थाना एक्सप्रेस-वे पर सूचना दी की ग्रीन ब्यूटी फार्म हाउस, वाजिदपुर पुस्ता में रहने वाली महिला को उनके पति यादवेन्द्र यादव उर्फ टिन्कू पुत्र राम नरायण ने आग जलाकर मारने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पति ग्रीन ब्यूटी फार्म हाउस में माली का कार्य करता था। सूचना पर पुलिस ने उक्त महिला को जली हुई अवस्था में जिला अस्पताल, निठारी, नोएडा में एड मिट कराया। वहां डॉक्टर ने उक्त महिला को उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया। महिला की स्थिति अभी स्थिर बनी हुई है।
पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो पता चला उसका पति यादवेन्द्र शराब पीता और उससे झगड़ा करता। घटना के दिन भी यादवेन्द्र शराब पीकर आया था और अपनी पत्नी से गाली-गलौज कर झगड़ा किया था। जिस पर उसकी पत्नी ने जनरेटर के लिए रखे हुए डीजल को अपने ऊपर उडे़ल लिया। झगड़े के दौरान उसके पति यादवेन्द्र ने उसके ऊपर जलती हुई माचिस की तीली फेंक दी। जिससे महिला जल गई। जिसके बाद महिला के भाई रामू सिंह ने 4 मार्च को थाना एक्सप्रेस-वे पर प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे ग्रीन ब्यूटी फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया है।
Next Story