उत्तर प्रदेश

Bidhuna में पुलिस का एक्शन, चोरी के गिरोह से मुठभेड़ में दो घायल और चार गिरफ्तार

Ratna Netam
1 July 2026 8:50 PM IST
Bidhuna  में पुलिस का एक्शन, चोरी के गिरोह से मुठभेड़ में दो घायल और चार गिरफ्तार
x

Auraiya औरैया : जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बिधूना पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल छह आरोपितों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपित लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार बदमाशों के पास से लाखों रुपये की नकदी, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, अवैध असलहे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश बेला-बिधूना रोड से ग्राम डहारियापुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर चोरी के माल और नकदी का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपितों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें मोमीन और विकास उर्फ गौरव उर्फ मामा ठाकुर के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाते हुए चार अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अन्य आरोपितों में बिधूना निवासी अमन सविता, अकरम अली, इमरान खान और मैनपुरी निवासी रोहित राठौर शामिल हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए सीएचसी बिधूना भेजा गया है।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने शहर में हुई आठ बड़ी चोरी की वारदातों को स्वीकार किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ औरैया, कन्नौज, मैनपुरी और फतेहगढ़ समेत कई जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और फरार साथियों की तलाश में आगे की जांच कर रही है।

Next Story