उत्तर प्रदेश

जहरीले कीड़े ने काटा, दो किसानों की मौत

Admin4
20 Aug 2023 2:49 PM GMT
जहरीले कीड़े ने काटा, दो किसानों की मौत
x
जालौन। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के गांव में दो किसानों को खेत पर काम करते वक्त किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। कीड़े के काटने के बाद किसान बेहोश हो गए। आसपास काम करने वाले किसानों ने जब देखा तो परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन भागे भागे खेत पर पहुंचने। इसके बाद उपचार कराने को अस्पताल ले गए जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
जानकारी के अनुसार आटा थाना क्षेत्र के गांव गढ़ा निवासी चंद्रशेखर 40 वर्ष खेत पर गए हुए थे। खेत पर काम करते वक्त प्यास लगी तो वहीं पास में ही मेंड़ पर बैठकर वह पानी पीने लगा। इसी दौरान एक जहरीले कीड़े ने काट लिया। जब तक वह कुछ समझ पाचा अचेत होकर वहीं गिर पड़ा। जब वहां पर दूसरे किसानों की नजर उस पर पड़ी तो फौरन इसकी सूचना परिजनों को दी गई।
सूचना पाते ही परिजन भागे भागे खेत पर पहुंचे। चंद्रशेखर को बेहोशी की हालत में झाड़ फूंक कराने के लिए ले गए। जब हालत गंभीर नजर आई तो आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर किसान की मौत हो गई। मौत की खबर से जब उसके गांव पहुंची तो वहां मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
चुर्खी थाना क्षेत्र के औंता गांव निवासी बालकराम 62 वर्ष सुबह के समय खेत को देखने के लिए गए हुए थे। जब वह खेत पर थे तभी उन्हें जहरीले कीड़े ने काट लिया। कीड़ा के काटने से वह अचेत हो गए। वहां से गुजर रहे एक किसान ने जब उन्हें अचेत देखा तो परिवार को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और बगैर किसी विलंब के सीधे अस्पातल ले गए। यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर आवश्यक कार्रवाई की और फिर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर पर पत्नी, समेत अन्य सभी रोने बिलखने लगे।
Next Story