उत्तर प्रदेश

PM मोदी ने क्रूज पर मुख्यमंत्रियों संग की बैठक

Kunti Dhruw
13 Dec 2021 6:18 PM GMT
PM मोदी ने क्रूज पर मुख्यमंत्रियों संग की बैठक
x

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम क्रूज से गंगा आरती देखी। इस दौरान उनके साथ भाजपा शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। आरती के बाद उन्हें वापस बीएलडब्लयू अतिथि गृह जाना था लेकिन देर रात 11 बजे तक पीएम मोदी क्रूज पर ही सवार रहे और मुख्यमंत्रियों की बैठक चलती रही। इस दौरान उनका क्रूज अस्सी घाट के सामने गंगा में खड़ा रहा।

पीएम मोदी ने सोमवार की सुबह काशी के कोतवाल काल भैरव का दर्शन करने के साथ अपनी काशी यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद क्रूज से काशी विश्वनाथ के लिए रवाना हुए। ललिताघाट पहुंचने पर गंगा में डुबकी लगाई और कलश में गंग जल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजना अर्चन किया। बाबा का पूजन करने के बाद काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण किया।
करीब चार बजे तक धाम में रहने के बाद पीएम मोदी बीएलडल्यू गेस्ट हाउस चले गए। वहां से भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों के साथ शाम करीब छह बजे गंगा घाट लौटे और रो-रो क्रूज से गंगा आरती देखी। इस दौरान मुख्यमंत्रियों को गंगा की अद्भुत छटा का दीदार भी कराया। गंगा इस पार लेजर शो हुआ तो उस पार शानदार आतिशबाजी हुई। यहां से पीएम मोदी को कुछ देर बाद ही गेस्ट हाउस लौट जाना था। मंगलवार की सुबह मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक होनी थी। लेकिन क्रूज पर ही बैठक शुरू हो गई।उधर, रविदास घाट से बीएलडब्लयू तक लोग पीएम मोदी के लौटने का इंतजार करते रहे। पुलिस अफसर भी अलर्ट मोड में रहे। लेकिन पीएम का क्रूज रात 11 बजे तक अस्सी घाट के सामने ही खड़ा रहा। क्रूज पर ही पीएम मोदी भाजपा के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करते रहे। माना जा रहा है कि मंगलवार को होने वाली बैठक अब क्रूज पर ही हो रही है। मुख्यमंत्रियों को अपने राज्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रजेंटेशन के माध्यम से देना था। फिलहाल कोई अधिकारी बैठक को लेकर कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। बनारस की कई सड़कों को खाली रखा गया है। कुछ स्थानों पर चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।


Next Story