उत्तर प्रदेश

पीएम मोदी के सेवा काल के 25 साल पूरे, देवास में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’

SHIDDHANT
7 Oct 2026 9:08 PM IST
पीएम मोदी के सेवा काल के 25 साल पूरे, देवास में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’
x
Dewas देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को देवास सहित देश के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भाजपा की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ता इस अभियान में भाग ले रहे हैं। कविता पाटीदार ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इसी अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता देशभर के जिला मुख्यालयों पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए आज जिला मुख्यालयों पर सेवा ज्योति यात्रा आयोजित की जा रही है। आज 7 अक्टूबर है और प्रधानमंत्री के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी अवसर पर हम सभी भाजपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालयों पर यह यात्रा निकाल रहे हैं। भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक नेतृत्व को लेकर देश के कई हिस्सों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किए हैं। अलग-अलग राज्यों में 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा और सेवा ज्योति कलश यात्रा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मध्य प्रदेश में भी इस अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम रखे गए। इंदौर में भी 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ आयोजित करने की योजना बनाई गई थी, जिसमें बूथ स्तर से बाइक रैलियों के जरिए कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को जोड़ने की तैयारी की गई थी। भाजपा की ओर से इस पूरे अभियान को प्रधानमंत्री मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्षों से जोड़कर पेश किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद संभाला था। इसके बाद 2014 में वह देश के प्रधानमंत्री बने।
कविता पाटीदार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के साथ सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से किए गए कार्यों और भविष्य के विकसित भारत के लक्ष्य को जनता के बीच रखा जा रहा है। देश के अन्य हिस्सों में भी बुधवार को इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। चंडीगढ़ में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के साथ सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई, जबकि अन्य राज्यों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रमों में भाग लिया।
Next Story