उत्तर प्रदेश

बाढ़ से ग्रसित लोगों पर गिरा पिलर, दबकर 3 की मौत, एक घायल

Shantanu Roy
17 Oct 2022 12:07 PM GMT
बाढ़ से ग्रसित लोगों पर गिरा पिलर, दबकर 3 की मौत, एक घायल
x
बड़ी खबर
सिद्धार्थनगर। यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में बड़ा हादसा हुआ है। रविवार की रात्रि करीब बारह बजे बाढ़ से ग्रसित लोग चैन की नीदं सो रहे थे, तभी विवाह घर का पिलर गिर गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाढ़ के दौरान घरों में पानी भर जाने के कारण करीब चार दर्जन लोग गांव में बने विवाह घर में शरण लिया था। बता दें कि डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव में बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई है। ऐसे में लोगों के घरों में पानी भर जाने के कारण गांव में बने विवाह घर में बुधिराम व राजकुमार के परिवार के साथ गांव के करीब चार दर्जन लोग शरण लिए थे। सभी लोग खाना खाकर सोने लगे।
इसी बीच विवाह घर के अंदर बना पिलर गिर गया। जिसमें राजकुमार का लड़का राजसिंह चौहान (13) की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पूनम (18) व रिंका (24) पुत्री बुधिराम, सुमन पत्नी दुक्खी (60) गंभीर रूप से घायल हो गई। जिन्हें पीएचसी भनवापुर लाया गया। वहां डॉ. पीएन पटेल ने राजासिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रिंका, पूनम की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में पंहुचते ही पूनम और रिंका ने भी दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार डुमरियागंज अरूण वर्मा प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज संजय कुमार मिश्र मृतक के परिजनों से शव का पीएम कराने का मनुहार कर रहे थे मगर परिजन पीएम के लिए तैयार नहीं हुए।
Next Story