उत्तर प्रदेश

क्षेत्र के औद्योगिक विकास को रफ्तार देने में सहायक बनें जनप्रतिनिधि- मुख्यमंत्री

Shantanu Roy
24 Jan 2023 12:31 PM GMT
क्षेत्र के औद्योगिक विकास को रफ्तार देने में सहायक बनें जनप्रतिनिधि- मुख्यमंत्री
x
बड़ी खबर
लखनऊ। विकास परियोजनाओं की पड़ताल की जारी शृंखला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सोमवार को जनपद उन्नाव, लखनऊ और हरदोई के सांसद, विधायक गणों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस विशेष बैठक में मुख्यमंत्री जी ने बारी-बारी से सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों में विकास कार्यों की स्थिति जानी। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी को क्षेत्रीय जन आकांक्षाओं से अवगत कराते हुए विकास कार्यों के नए प्रस्ताव भी दिए। विशेष बैठक में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फरवरी में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आमन्त्रण देने दुनिया के 16 देशों के बाद देश के बड़े शहरों में टीम यूपी का दौरा सफल रहा है।
प्रदेश के औद्योगिक विकास अनुकूल माहौल और निवेश अनुकूल नीतियों से वैश्विक उद्योग जगत प्रभावित है। लाखों करोड़ का निवेश हमें प्राप्त हो रहा है। इसका लाभ प्रदेश के हर जनपद को मिलेगा। युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दृष्टि से यह समिट महत्वपूर्ण होगी। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नदियों के किनारे कटान और बाढ़ की समस्या के निदान के लिए नदियों की ड्रेजिंग के प्रयासों के अच्छे परिणाम मिले हैं। इसे आगे भी जारी रखा जाए। इसमें ड्रोन तकनीक का भी सहयोग लिया जा रहा है। नवीन तटबंध का निर्माण, पुराने की मरम्मत भी कराई जा रही है। सांसद-विधायक गण अपने क्षेत्रों में इन कार्यों की निगरानी करें। मुख्यमंत्री ने उन्नाव और हरदोई में इको पर्यटन की संभावनाओं को आकार देने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए बेहतर कार्ययोजना तैयार करते हुए आवश्यकतानुसार प्रयास करने की जरूरत बताई। इससे क्षेत्र में रोजगार सृजन भी होगा।
Next Story