उत्तर प्रदेश

आबादी के पास तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत

Admin4
3 Sep 2023 9:00 AM GMT
आबादी के पास तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत
x
संभल/चन्दौसी। नगर से तीन किलोमीटर दूर असालतपुर जारई गांव में शुक्रवार की देर शाम आबादी के पास सड़क पार करता तेंदुआ दिखाई दिया। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। क्षेत्र में तेंदुआ होने की पुष्टि होने पर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र तेंदुआ पकड़वाने की मांग की है। वन विभाग की टीम ने गांव पहुंच कर मामले की जानकारी ली।
कोतवाली क्षेत्र के गांव असालतपुर जारई में एक सप्ताह से तेंदुआ आने का शोर मचा है। 25 अगस्त की रात जाटव बस्ती में सुनील कुमार के घेर में बंधी बकरी को जंगली पशु ने निवाला बना लिया था। शुक्रवार की शाम सात बजे गांव के ही कर्मजीत सागर और पुष्कर खेत पर गए थे। तभी जाटव बस्ती से करीब 100 मीटर दूर सड़क पार करता तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए को देख वह घबरा गए और चुपचाप गांव की ओर आ गए।
इस दौरान युवकों ने तेंदुए की वीडियो बना ली। वीडियो में तेंदुआ साफ नजर आ रहा है। शनिवार की सुबह इसी स्थान पर खेतों में काम कर रहे किसानों ने घनी झाड़ियों से दहाड़ने की आवाज भी सुनी। किसानों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया। पता लगने पर वन रेंजर नजाकत हुसैन ने ग्रामीणों से जानकारी ली है।
मैं शुक्रवार की शाम करीब सात बजे अपने दोस्त के साथ गांव से करीब 100 मीटर दूर जंगल में गया था। उसी समय खेतों से एक जंगली जानवर निकला। उसके शरीर पर चकत्ते थे। उसके तेंदुआ होने का एहसास होने पर दोस्त के साथ चुपचाप गांव आ गया। तेंदुआ आबादी के आसपास ही घूम रहा है। ऐसे में बच्चों को घर से बाहर अकेले भेजने से ग्रामीण परहेज करने लगे हैं। -कर्मजीत सागर
मैं शुक्रवार की शाम करीब सात बजे अपने दोस्त के साथ जंगल में गया था। टावर के पास एक खेत की मेड़ पर खड़े होकर अपने दोस्त का इंतजार कर रहा था। तभी टावर के पास स्थित खेत से जंगली जानवर निकला। कुत्ते से ऊंचा चकत्ते वाला जानवर था। वह पास से गुजर रहे चकरोड के पास धान के खेत में छिप गया। इस दौरान हम दोनों चकरोड से होते हुए गांव पहुंच गए और जानवर के खेत से निकलने का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद वह खेत से बाहर निकला तो मोबाइल से वीडियो बना ली। इसमें तेंदुआ होने की पुष्टि हो रही है। -पुष्कर
गांव असालतपुर के जंगल में सड़क क्रास करते हुए तेंदुए की वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। वीडियो कहां का है इसकी पुष्टि की जा रही है। ग्रामीणों से भी जानकारी ली जा रही है। जरुरत पड़ने पर क्षेत्र में पिंजरा भी लगाया जाएगा।-नजाकत हुसैन, वन रेंजर
Next Story