- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Paldi's के परिवार ने...
Paldi's के परिवार ने लगाया साजिश का आरोप, एसएसपी से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पलड़ी निवासी एक परिवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते लगातार परेशान करने, झूठे मुकदमों में फंसाने और जान का खतरा पैदा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंचा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कार्यालय पहुंचे कय्यूम पुत्र मकसूद ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों से उनका पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के कारण विरोधी पक्ष उनके परिवार को निशाना बना रहा है और लगातार झूठी शिकायतें देकर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
कय्यूम का कहना है कि विरोधी पक्ष द्वारा परिवार के सदस्यों के खिलाफ बार-बार शिकायतें की जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी उनके बेटे और दामाद के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजा गया था।
पीड़ित परिवार ने बताया कि इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच उनके दूसरे बेटे फुरकान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिवार का आरोप है कि बेटे की मौत के बाद भी विरोधी पक्ष की ओर से उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और लगातार उन्हें परेशान किया जा रहा है।
कय्यूम ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष उन्हें और उनके परिवार के लोगों को मजदूरी करने से भी रोक रहा है। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में उनके बेटे, दामाद और भाई के खिलाफ जुआ खेलने, पेड़ काटने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायतें की गई हैं। पीड़ित परिवार का दावा है कि लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और उन्हें फंसाने के उद्देश्य से साजिश के तहत लगाए गए हैं।
परिवार ने एसएसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि शिकायतें झूठी पाई जाती हैं तो शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद है और निष्पक्ष जांच होने पर वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी। वहीं, पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।





