उत्तर प्रदेश

धान खरीद भी गिरी औंधे मुंह, लक्ष्य से 14734 मिट्रिक टन कम खरीद

Admin Delhi 1
19 Feb 2023 9:50 AM GMT
धान खरीद भी गिरी औंधे मुंह, लक्ष्य से 14734 मिट्रिक टन कम खरीद
x

अयोध्या: अयोध्या में गेंहूं की तर्ज पर धान खरीद भी औंधे मुंह गिर गई है। खरीद को लेकर शासन - प्रशासन तक के लाख ढिंढोरा पीटने के बाद भी लक्ष्य के अनुरूप खरीद नहीं हो सकी है। किसानों का कहना है कि क्रय केन्द्र पर खरीद के दावे महज छलावा हैं।

यह हाल तब है जब धान खरीद के लिए अब महज आठ दिन शेष रह गए हैं, लेकिन अभी तक जिले में निर्धारित लक्ष्य से काफी कम खरीद हुई है। पीसीएफ के 49 केंद्रों से खरीदारी करीब 20 दिन पूर्व से ही ठप है। पोर्टल बंद होने से खरीद नहीं हो रही है। मौजूदा समय में केवल 23 केंद्रों पर ही धान खरीदा जा रहा है। वहीं धान बेचने वाले 85 किसानों का 11.98 लाख रुपये बकाया है। किसान भुगतान के लिए काफी दिनों से चक्कर काट रहे हैं। पूराबाजार के मड़ना के किसान अशोक कुमार, रामजीत यादव और भुवनेश्वर कहते हैं सरकारी खरीद महज छलावा है। त्वरित भुगतान का दावा किया जाता है लेकिन मिलता नहीं है।

जिले में एक नवंबर से धान की खरीद शुरू हुई थी। 28 फरवरी 2023 तक 73 हजार मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों से धान खरीदने के लिए पीसीएफ के 49, खाद्य निगम के 20 और एफसीआई के तीन क्रय केंद्र खोले गए थे। शुरू में धान खरीद में काफी तेज दिखी, लेकिन बाद में इसमें लापरवाही बरती जाने लगी। पांच जनवरी से पीसीएफ के धान खरीद का पोर्टल बंद हो गया। ऐसे में धान की खरीद केवल अन्य 23 केंद्रों पर ही हो रही है।

डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार सिंह के मुताबिक 17 फरवरी तक जिले में 12567 किसानों से 58266 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी। जिले में धान की खरीदारी निर्धारित लक्ष्य से 14734 मीट्रिक टन कम हुई है। विभाग द्वारा लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा, लेकिन क्रय केंद्र बहुत ही कम होने की वजह से लक्ष्य पूरा होता नहीं दिख रहा। उन्होंने बताया कि जिले में खुले क्रय केंद्रों पर धान बेचने वाले करीब 85 बड़े किसानों का 11.98 लाख रुपये बकाया है।जिसके भुगतान की प्रक्रिया चल रही है।

Next Story