उत्तर प्रदेश

जन भवन में 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कराया भोज

jantaserishta.com
17 Oct 2026 5:48 PM IST
जन भवन में 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कराया भोज
x
लखनऊ: शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित जन भवन में शनिवार को 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया और चुनरी एवं दक्षिणा भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा माता-पिता के सम्मान और देश की सेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन संस्था ‘प्रेरणा’ के तत्वावधान में किया गया। इस दौरान बच्चों ने मां दुर्गा पर आधारित नृत्य-नाटिका और ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ भजन पर भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘मनुष्य तू बड़ा महान है’ गीत प्रस्तुत कर जीवन की महत्ता और मानवीय मूल्यों को रेखांकित किया।
राज्यपाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को तैयार करने वाले शिक्षकों, प्रशिक्षकों और संस्था के सदस्यों की भी प्रशंसा की। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और खेलकूद गतिविधियां भी जरूरी हैं। इन गतिविधियों से बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभा, सृजनात्मकता और कौशल को निखारने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें अपनी संस्था और परिवार के प्रति अपनत्व की भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि आदर्श माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे ऐसे परिवारों से आते हैं, जहां कई तरह की कमियां हो सकती हैं। ऐसे में उन्हें उचित अवसर, पोषण और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। बच्चों को ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जिसमें वे सीख सकें, अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों। राज्यपाल ने जन भवन में बच्चों के लिए इस तरह के और कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जन भवन का विशाल प्रांगण, हरियाली और स्वच्छ वातावरण बच्चों के सीखने तथा रचनात्मक गतिविधियों के लिए उपयोगी है। यहां स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और विभिन्न त्योहारों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा बच्चों के लिए खेलकूद गतिविधियां, क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं भी कराई जाती हैं।
उन्होंने जन भवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें एक लाख से अधिक बच्चे, महिलाएं, किसान और अन्य लोग हिस्सा लेते हैं। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाता है। उन्होंने किसानों को धरती पुत्र बताते हुए उनके परिश्रम और योगदान का सम्मान करने की जरूरत पर भी बल दिया। राज्यपाल ने जन भवन परिसर को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने की पहल का उल्लेख करते हुए बच्चों को ज्ञानवर्धक विषयों में रुचि लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने गंगोत्री से गंगासागर तक चार धाम यात्रा से संबंधित स्थलों और पंचतंत्र जैसे विषयों की जानकारी हासिल करने, संबंधित स्थानों का भ्रमण करने तथा अपने अनुभवों पर निबंध लिखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के निबंधों में से सर्वश्रेष्ठ का चयन कर संबंधित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छा इंसान बनने और माता-पिता की सेवा एवं सम्मान करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान और भारतीय संस्कृति के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। नारी सम्मान को मानवीय मूल्यों और भारतीय संस्कृति का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि जहां नारी का आदर होता है, वहां मनुष्य अपनी मानवीय सीमाओं से ऊपर उठकर देवत्व की ओर अग्रसर होता है, जबकि नारी का अपमान उसे राक्षसी प्रवृत्तियों की ओर ले जाता है।
उन्होंने कहा कि कन्या पूजन प्रत्येक व्यक्ति के भीतर नारी के प्रति सम्मान का भाव जागृत करने का माध्यम है। यह परंपरा समाज को मानवीय संवेदनाओं, संस्कारों और समरसता का संदेश देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन आने वाली पीढ़ियों को भी नारी सम्मान के प्रति प्रेरित करते रहेंगे।
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन परोसा और कन्या भोज के तहत विद्यालय की बालिकाओं को भी भोजन कराया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने राज्यपाल और उपस्थित अतिथियों का पुष्प भेंट कर स्वागत किया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story