उत्तर प्रदेश

वृंदावन में कॉरिडोर का विरोध बढ़ा

Admin Delhi 1
20 Jan 2023 9:59 AM GMT
वृंदावन में कॉरिडोर का विरोध बढ़ा
x

मथुरा: वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के प्रस्तावित कॉरिडोर का विरोध प्रदर्शन बढ़ता ही जा रहा है। राजस्थान और अन्य शहरों के लोग यहां आकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं।

गुरुवार शाम को नौंवे दिन गोस्वामी समाज एवं व्यापारियों ने बुलडोजर की फोटो जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही बुलडोजर की फोटो एवं बैनर लेकर बाजार में घूमे। विरोध प्रदर्शन करने वालों को गुरुवार को भरतपुर के लोग भी अपना समर्थन देने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधायक श्रीकांत शर्मा और सांसद हेमामालिनी को आड़े हाथ लिया।

अमित गौतम ने कहा कि जब तक सरकार कॉरिडोर बनाने का फैसला वापस नहीं लेगी, विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा। किसी भी कीमत पर वृंदावन की पौराणिक धरोहर को नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। प्रदर्शनकारी गोविंद खंडेलवाल ने कहा कि बुलडोजर की फोटो जलाकर सरकार को संदेश दिया है। कुंजगलियों में इसकी कोई आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि कॉरिडोर के विरोध को ब्रज मंडल से भी समर्थन मिलने लगा है। गोवर्धन दानघाटी के गोस्वामीगण द्वारा समर्थन मिल चुका है। साथ ही भरतपुर से लोग आंदोलन में शामिल होने के आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भरतपुर की तमाम रियासत हमारा समर्थन कर रहने को आगे आ रही हैं। पुनीत बल्लभ गौतम एडवोकेट ने कहा कि ब्रज मंडल में बुलडोजर की आवश्यकता नहीं है।

वृंदावन की गुंजगलियों से कोई छेड़छाड़ न की जाए। बांके बिहारी मंदिर में व्यवस्था बनाने की आवश्यकता है। वृंदावन में ही नहीं पूरे ब्रज चौरासी कोस में कहीं भी बुलडोजर की आवश्यकता नहीं है। सरकार मुआवजे की बात कर रही है। मुआवजा घर और दुकान हो सकता है। मंदिर का नहीं हो सका है। यह हमारे मंदिर है मुआवजा भावनाओं का नहीं हो सकता है। उन्होंने सरकार से निवेदन किया कि बुलडोजर रुपी राक्षस को ब्रज क्षेत्र से दूर ले जाएं। यहां इसकी कोई आवश्यकता नहीं है।

सांसद हेमा मालिनी एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा वृंदावन के विधायक के आश्वासन पर उन्हें कोई विश्वास नहीं है। ब्रजवासियों ने दोनों को दो-दो बार मौका दिया, लेकिन दोनों बार निराश किया है। अब हम इनकी बातों में नहीं आने वाले हैं।

इस अवसर पर गोविंद खंडेलवाल, अमित गौतम, अनिल गौतम, अशोक शर्मा, आलोकिक शर्मा, आशीष वशिष्ठ, हिमांशु गोस्वामी, अतुल, आकाश, दिनेश, नीरज, अजय, श्याम, जगमोहन, रवि, राधामोहन, मनोज, राहुल, कुंज बिहारी, गोपाल, मृदुल, सूरज, बबलू, अनिल, गोविंद, मुक़ेश, तरुण, अशोक, प्रिंस, अमित, कन्हैया, शानू, मुक़ेश, मानक, विकास, सुनील मौजूद रहे।

Next Story