उत्तर प्रदेश

ओपी राजभर बोले– NDA मजबूत होकर लड़ेगा

Saba Naaz
5 July 2026 4:19 PM IST
ओपी राजभर बोले– NDA मजबूत होकर लड़ेगा
x

लखनऊ: रविवार को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एनडीए घटक दलों की अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राजधानी के एक होटल में हुई, जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता और सहयोगी दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सीट शेयरिंग, संगठनात्मक रणनीति और विपक्षी गठबंधन को मात देने के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई। नितिन नवीन अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन संगठनात्मक बैठकों में व्यस्त रहे। शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की थी। रविवार की बैठक को 2027 चुनाव की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

बैठक में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी शामिल हुए। मीडिया से बातचीत में राजभर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि एनडीए 2027 में 2017 से भी बेहतर प्रदर्शन करेगा और समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सफाया किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सभी सहयोगी दल एकजुट होकर 403 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि भाजपा एक मजबूत पार्टी है और सभी सहयोगी दल उसके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने संजय निषाद, आशीष पटेल और जयंत चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि सभी मिलकर एनडीए को और मजबूत करेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य समाजवादी पार्टी को राजनीतिक रूप से कमजोर करना है।

सूत्रों के अनुसार बैठक में सीटों के तालमेल, बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और विपक्ष के सामाजिक समीकरणों का मुकाबला करने की रणनीति पर गहन चर्चा हुई। भाजपा नेतृत्व ने सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया। नितिन नवीन ने बैठक के दौरान संकेत दिए कि 2027 विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण प्रदर्शन और संगठनात्मक सक्रियता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया।

2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की राजनीति में बेहद अहम माना जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए एनडीए ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक को गठबंधन की रणनीति का औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है, जबकि ओम प्रकाश राजभर के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।

Next Story