उत्तर प्रदेश

रोडवेज बस और आटो की टक्कर में एक किशोर की मौत, सात घायल

Admin Delhi 1
17 March 2023 10:03 AM GMT
रोडवेज बस और आटो की टक्कर में एक किशोर की मौत, सात घायल
x

वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को रोडवेज बस और आटो की भिड़ंत में एक किशोर की मौत हो गई। जबकि हादसे में सात लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और किशोर के शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई की।

फूलपुर थाना क्षेत्र के मछली गांव रोह निवासी रेखा देवी अपने परिवार के साथ जौनपुर स्थित चौकिया धाम शीतला माता के दर्शन पूजन करने के लिए ऑटो रिजर्व कर शुक्रवार को वहां जा रही थी। फूलपुर थाने से लगभग 100 मीटर पहले जैसे ही आटो पहुंचा तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गया। बस की टक्कर से आटो पलट गया और आटो सवार रेखा देवी व उनके परिजन दब गये। जब तक लोग उन्हें निकालते उनके 16 वर्षीय बेटे सत्यम की मौत हो चुकी थी। वहीं ऑटो चालक विकास, रेखा, भाई पवन, भांजी मृष्टि, सृष्टि, सोनम, प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना की खबर पाकर रेखा देवी के परिजन भी वहां पहुंच गये। पुलिस ने घायलों के इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

मृतक सत्यम चार भाइयों में दूसरे नम्बर का था और टेंट व्यापारी के यहां काम कर घर गृहस्थी चलाने में मां रेखा की मदद करता था। महिला रेखा देवी भी छोटे-मोटे काम कर परिवार का पालन पोषण करती है। मामले में पुलिस ने बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पीड़ितों की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story
© All Rights Reserved @ 2023 Janta Se Rishta