उत्तर प्रदेश

पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, सिपाही भी घायल

Admin Delhi 1
1 Oct 2022 9:09 AM GMT
पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, सिपाही भी घायल
x

क्राइम न्यूज़: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आतंक का पर्याय बन चुका एक लाख रुपये का इनामी बदमाश विनोद सिंह शुक्रवार को देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ में गोली लगने से एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में सिपाही अजय सिंह(28) निवासी कौशाम्बी भी घायल हुआ है। पुलिस को हत्या, लूट सहित करीब 20 मुकदमों में वांछित विनोद की तलाश काफी समय से थी। जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने बताया कि जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र के छीतमपट्टी गांव निवासी विनोद सिंह पर जौनपुर जिले के लाइनबाजार थाने व अन्य थानों में हत्या, लूट, छिनैती जैसे 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि शाम करीब पांच बजे बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव के पास पीली नदी के नीचे विनोद सिंह के छिपे होने की जानकारी मिली। उसे पकड़ने के लिए जब पुलिस पहुंची तो उसने फायरिंग शुरु कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलायी। करीब 40 मिनट तक रुक रुक कर चली गोलीबारी में विनोद को गोली लगी और वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। साहनी ने बताया कि वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिरीक्षक राम कुमार ने हाल ही में विनोद के ऊपर एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। उन्होंने कहा कि मारे गए बदमाश के पास से एक रिवाल्वर और एक कार्बाइन बरामद हुई है। इस मुठभेड़ में जिले के बदलापुर, बक्सा के साथ ही एसओजी की पूरी टीम शामिल रही।

Next Story