उत्तर प्रदेश

लखनऊ यूनिवर्सिटी में एक बार फिर प्रदर्शन, न्यू कैंपस में LLB ऑनर्स के 7वें सेमेस्टर के स्टूडेंट्स एकत्र होकर किया विरोध

Ritisha Jaiswal
28 Feb 2022 8:07 PM IST
लखनऊ यूनिवर्सिटी में एक बार फिर प्रदर्शन, न्यू कैंपस में LLB ऑनर्स के 7वें सेमेस्टर के स्टूडेंट्स एकत्र होकर किया विरोध
x
लखनऊ यूनिवर्सिटी में सोमवार को स्टूडेंट्स ने एक बार फिर प्रदर्शन किया। न्यू कैंपस में LLB ऑनर्स के 7वें सेमेस्टर के बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स एकत्र होकर विरोध करने लगे।

लखनऊ यूनिवर्सिटी में सोमवार को स्टूडेंट्स ने एक बार फिर प्रदर्शन किया। न्यू कैंपस में LLB ऑनर्स के 7वें सेमेस्टर के बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स एकत्र होकर विरोध करने लगे। उनका आरोप था कि परीक्षा में गलत मार्किंग के कारण 40 फीसदी स्टूडेंट्स फेल हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी ने उन्हें पढ़ाने के लिए फुल टाइम फैकल्टी की जगह गेस्ट फैकल्टी रखे थे।

उन्हीं से एग्जाम और इंटरनल का इवैल्यूएशन करवाया। गेस्ट फैकल्टी ने मनमाने और भेदभाव तरीके से मार्किंग की। इससे ज्यादातर स्टूडेंट्स के मार्क्स दहाई में भी नहीं पहुंच सके। स्टूडेंट्स का दावा है कि ऐसे करीब 36 स्टूडेंट हैं, जिनके दो से तीन विषय में बेहद कम मार्क्स हैं। यूनिवर्सिटी ने दिसंबर में ही 7वें सेमेस्टर में एग्जाम कराए थे, जिनके रिजल्ट बीते सप्ताह के अंत में जारी हुए हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
मेरठ में जलवायु टावर की 5वीं मंजिल से गिरकर RPF इंस्पेक्टर के बेटे की मौत हो गई। मेरठ के देहात चिंदौड़ी निवासी जंगबहादुर सिंह RPF से रिटायर्ड इंस्पेक्टर हैं। जंगबहादुर का बेटा आयुष उर्फ गौरव मेरठ के जलवायु टावर में फ्लैट में अकेला रहकर पढ़ाई करता था। सोमवार को अचानक सोसाइटी के लोगों से बेटे की मौत को सूचना मिली। पूरा परिवार गांव से मेरठ आ गया। परिवार ने बेटे की मौत को हत्या बताया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शताब्दी नगर के पास जलवायु टावर बने हैं। टावर के C ब्लॉक में आयुष उर्फ गौरव (30) पुत्र जंगबहादुर सिंह अकेला रहता था। बताया जा रहा है कि गौरव C ब्लॉक की 5वीं मंजिल पर फ्लैट लेकर रह रहा था। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। जबकि पूरा परिवार मेरठ के पास चिंदौड़ी गांव में रहता है। सोमवार दोपहर गौरव का शव उसी टावर की पहली मंजिल के फ्लैट की बालकनी में पड़ा मिला। सोसाइटी के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, बाद में गौरव के परिवार को बुलवाया गया।
अमरोहा के हसनपुर इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे बाइक सवार को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार ने मौके पर ही दमतोड़ दिया। हादसा के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। काफी देर तक मृतक बाइक सवार का शव सड़क पर ही पड़ा रहा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग निकला।
हापुड़ में थाना बहादुरगढ़ इलाके के आलमनगर गांव के पास कांवड़ लेकर जा रहे एक कांवड़िए की अचानक मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुलंदशहर के शास्त्री नगर निवासी नवीन अपने 7 साथियों के साथ 24 फरवरी को कांवड़ लेने हरिद्वार गया था।
25 फरवरी को वो जल लेकर वापस आ रहा था। 28 फरवरी को नवीन अपने साथियों के साथ आलमनगर में एक आश्रम के पास रुका। जहां वो स्नान करने लगे। स्नान करके वापस आते समय तैयार होकर चला तो अचानक वो जमीन पर गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसे अस्पताल भिजवा दिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। यहां पढ़ें पूरी खबर...
नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में बताया कि सुपरटेक के दोनों टावर को गिराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 22 मई तक दोनों टावर को गिराने का काम पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही ध्वस्तीकरण के मलबे को 22 अगस्त तक हटा दिया जाएगा। इससे संबंधित साक्ष्य फोटो और वीडियो के रूप में दिए गए हैं।
प्राधिकरण के हलफनामे को सुप्रीम कोर्ट ने रिकॉर्ड पर लेते हुए कहा कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा दिए गए हलफनामे में दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। 31 मार्च तक बायर्स का पैसा भी वापस करें। इस मामले में अगली सुनवाई 17 मई को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने इसमें नई स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है
फतेहपुर में प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर सोमवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, 12 लोग घायल हुए है, इनमें 5 की हालत गंभीर है। हादसा सोमवार सुबह थरियांव थाने के सामने हुआ। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप खड़ी थी। तभी पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पलट गई।
DSP अनिल कुमार ने बताया कि हादसे में गया प्रसाद (55) और सौहदरा देवी (30) की मौत हुई है। घायलों में शिवानी देवी (15), सोबरन सिंह (24), अरुणा देवी (15), नीलम (18), सलोनी (14), खुशबू (9), बंदना (15), अर्चना (9), नंदनी (5), तारावती (45), होरी लाल (60), आशीष कुमार शामिल हैं। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर सतीश कुमार ने बताया कि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायल आशीष कुमार ने बताया कि सभी लोग पिकअप से थरियांव के अजनई गांव से खखरेरू बाबा के दरबार में मन्नत पूरी होने पर चढ़ावा चढ़ाने जा रहे थे।
वाराणसी के अकथा क्षेत्र के सत्संग नगर के समीप स्थित कांशीराम आवास में रहने वाले नगर निगम के संविदा सफाई कर्मी राजा बाबू (26) को चाकू मार कर पड़ोसी ने हत्या कर दी। वहीं, जानलेवा हमले में राजा बाबू की पत्नी रूबी (24) गंभीर रूप से घायल है और मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, सबमर्सिबल पंप बनवाने के लिए 25 रुपए का चंदा देने के विवाद में पड़ोसी सफाई कर्मी राजेश ने दंपति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किया था। पुलिस आरोपी राजेश की तलाश कर रही है। सारनाथ थाना अंतर्गत अकथा क्षेत्र के सत्संग नगर के समीप स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि हम लोग जिस सबमर्सिबल पंप से पानी भरते हैं वह खराब हो गया था। आपस में सभी ने चंदा जुटाकर पंप की मरम्मत कराई थी। राजा बाबू ने राजेश को भी 25 रुपए या जो भी हो सके वह देने को कहा था। राजेश रविवार की देर रात शराब पीकर आया तो राजा बाबू और रूबी ने कहा कि चंदे का पैसा दे दो। इसी बात को लेकर पति-पत्नी से राजेश उलझ गया। कहासुनी के दौरान ही राजेश ने दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर
मऊ में विशेष एमपी/ एमएलए कोर्ट ने गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नोटिस जारी कर 15 मार्च तक जवाब मांगा है। बदायूं की एक रैली में विवादित भाषण के मामले में दिनेश कुमार चौरसिया की अध्यक्षता वाली पीठ ने यह नोटिस जारी की है। आपत्ति दाखिल दोहरीघाट के भगवानपुरा कस्बा निवासी नवल किशोर शर्मा ने की थी। अब इस मामले की सुनवाई 15 मार्च को होगी।
परिवादी नवल किशोर ने कहा है कि कि अमित शाह ने 2 फरवरी को बदायूं के इस्लाम नगर में जनसभा को संबोधित किया था। जिसमें उन्होंने कहा, सपा अध्यक्ष के साथ आजम खान, मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद जैसे माफिया बाहुबली दिखते थे। जब से प्रदेश में योगी सरकार आई, बाहुबली नहीं बजरंगबली दिखने लगे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...
यूपी की गाजियाबाद पुलिस एक बार फिर दागदार हुई है। पुलिस लाइन में खड़ी गाड़ी से टायर चुराने के आरोप में एक सिपाही और दो मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया है। एक इंस्पेक्टर की गाड़ी के लिए यह टायर गया था। इंस्पेक्टर पर भी जांच बैठा दी गई है। उन पर जल्द कार्रवाई हो सकती है। उधर, सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है।
गाजियाबाद में लिंक रोड थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू की कार कुछ दिन पहले पुलिस ने सीज की थी। कोर्ट ने पिछले दिनों उसको छोड़ने का आदेश दिया। कोर्ट का आदेश लेकर सोनू रविवार को पुलिस लाइन में पहुंचा। इस दौरान कार में स्टैपनी टायर नहीं था। जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई कि सिपाही महेंद्र सिंह को पुलिस लाइन में खड़े सीज वाहनों की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था। एएसपी आकाश पटेल ने सिपाही महेंद्र सिंह से पूछताछ की। सिपाही ने बताया कि पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) मेरठ में तैनात इंस्पेक्टर महेश शर्मा की कार के लिए यह स्टैपनी टायर निकाला गया था। महेश शर्मा के बारे में बताया गया है कि वह फिलहाल गाजियाबाद पुलिस लाइन के परिसर में ही रहते हैं


Next Story