उत्तर प्रदेश

एक तरफ बेटी ने लिए मंडप में सात फेरे दूसरी ओर अस्पताल में पिता ने तोड़ा दम

Admin Delhi 1
25 Feb 2023 11:54 AM GMT
एक तरफ बेटी ने लिए मंडप में सात फेरे दूसरी ओर अस्पताल में पिता ने तोड़ा दम
x

मेरठ: एक व्यक्ति ने शुक्रवार को उस समय दम तोड़ दिया, जिस वक्त उसकी बेटी शादी के सात फेरे ले रही थी। व्यक्ति की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कंकरखेड़ा क्षेत्र के पठानपुरा गांव निवासी एक लड़की की शुक्रवार की रात शादी थी। परिवार में खुशियों का माहौल था। मगर कुछ ही देर में खुशियां मातम में बदल गईं। पिता तीन रिश्तेदारों के साथ ई-रिक्शा से शादी का सामान लेने के लिए जा रहे थे।

हाईवे पर दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से चारों लोग घायल हो गए थे। वहीं अस्पताल में घायल पिता ने दम तोड़ दिया।

हाईवे स्थित पठानपुरा निवासी लगभग 50 वर्षीय तिलकराम ई-रिक्शा चलाने का काम करते थे। तिलकराम की सात बेटियां है। बड़ी बेटी काजल की शुक्रवार को शादी थी। काजल की शादी जवाहरनगर निवासी भारत से तय हुई थी।

तिलकराम अपने भतीजे व दो अन्यों के साथ शादी के काम से ई-रिक्शा से हाईवे पर आया था।

सामान खरीदने के बाद सभी लोग हाईवे के किनारे पर खड़े थे। आरोप है कि इसी बीच दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार वैगनार कार ने ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ई-रिक्शा कई फुट हवा में उछल गया। जिससे ई-रिक्शा में बैठे चारों लोग सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर इकठ्ठा हो गई।

कार सवार लोगों ने घायलों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की कार को कब्जे में ले लिया। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तिलकराम ने दम तोड़ दिया।

तिलकराम ने जिस समय अस्पताल में दम तोड़ा उस दौरान उसकी बेटी मंडप में अपने पति के साथ शादी के फेरे ले रही थी। बेटी आज सुबह गमगीन माहौल में विदा भी हुई।

Next Story