- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Farmer's दिवस में...
Farmer's दिवस में अधिकारियों ने सुनी समस्याएं, योजनाओं का लाभ लेने के बताए उपाय

Noida नोएडा : जनपद गौतमबुद्धनगर के किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बुधवार को विकास भवन स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय में किसान दिवस का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने की। बैठक में बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
किसान दिवस के दौरान किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सरकारी योजनाओं के लाभ में आ रही दिक्कतों और तकनीकी परेशानियों से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, कृषि यंत्रीकरण और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त प्राप्त करने में आ रही परेशानियों के कारणों और उनके समाधान के उपाय भी किसानों को बताए गए।
अधिकारियों ने बताया कि कई किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त मिलने में इसलिए परेशानी हो रही है, क्योंकि सेल्फ रजिस्ट्रेशन के दौरान उनके द्वारा कृषि भूमि से संबंधित विवरण सही तरीके से दर्ज नहीं किया गया है। ऐसे किसानों को सलाह दी गई कि वे जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ‘अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन’ विकल्प का उपयोग कर अपनी भूमि संबंधी जानकारी को सही और अपडेट करा सकते हैं।
कृषि अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे अपनी सभी जानकारियां सरकारी रिकॉर्ड में सही तरीके से दर्ज कराएं, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि किसानों को किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो, इसके लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
बैठक के दौरान किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने और मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसानों को खेतों में उर्वरकों का इस्तेमाल मृदा स्वास्थ्य कार्ड (सॉइल हेल्थ कार्ड) की सिफारिशों के आधार पर ही करना चाहिए। इससे फसलों की पैदावार बेहतर होगी और लंबे समय तक मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहेगी।
किसान दिवस में कृषि विभाग के अलावा उद्यान विभाग, सिंचाई विभाग, ऊर्जा विभाग, मत्स्य विभाग, दुग्ध विकास विभाग, पशुपालन विभाग और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी विभागों के अधिकारियों ने किसानों से जुड़ी समस्याओं को सुना और विभागीय स्तर पर उनके समाधान की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान कई किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसान दिवस का उद्देश्य किसानों और विभागों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय-समय पर आयोजित होने वाले किसान दिवस में शामिल होकर अपनी समस्याएं रखें, जिससे उनका समाधान जल्द किया जा सके।





