- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पदाधिकारी घर में...
पदाधिकारी घर में नजरबंद, संगठन ने किया ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान

न्यूज़क्रेडिट; अमरउजाला
सावन में एक बार फिर ताजमहल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान करने वाले संगठन के पदाधिकारियों को पुलिस ने घर में नजरबंद किया है।
आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा ने सावन के तीसरे सोमवार को ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने संगठन के पदाधिकारियों को घर में नजरबंद कर दिया। इस संबंध में सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि संगठन द्वारा ताजमहल में रुद्राभिषेक करने के एलान पर कार्रवाई की गई है। संगठन से जुड़े लोगों की निगरानी की जा रही है। नियम विरुद्ध कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
तीन पदाधिकारियों को किया नजरबंद
अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए घोषणा की थी कि वे लोग सावन के तीसरे सोमवार को ताजमहल पर परिक्रमा करने के बाद रुद्राभिषेक करेंगे। इस पर पुलिस सुबह भी पदाधिकारियों के घर पहुंच गई। ताजगंज क्षेत्र में हिंदूवादी नेता अवतार सिंह गिल को घर में नजरबंद किया गया है। मीना दिवाकर और जितेंद्र कुशवाह को भी नजरबंद किया गया है। पुलिस इस संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट की तलाश कर रही है।
ताजमहल पर पहले भी हो चुका है विवाद
हिंदूवादी लोग पूर्व में भी इस तरह का एलान कर चुके हैं। मई में अयोध्या के संत परमहंस दास ने ताजमहल को तेजोमहालय बताकर नई बहस को जन्म दिया था। परमहंस दास ने ताजमहल में भूमि पूजन का एलान भी किया था। हालांकि उन्हें पुलिस ने रास्ते में रोक लिया और एक रात नजरंबद रखा था। वहीं अयोध्या के एक भाजपा नेता ने ताजमहल के बंद कमरों को खुलवाने की मांग को लेकर याचिका हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था।