उत्तर प्रदेश

नर्सिंग की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या ,जांच में जुटी पुलिस

Tara Tandi
30 March 2024 6:27 AM GMT
नर्सिंग की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या ,जांच में जुटी पुलिस
x
आगरा : आगरा के नगला पदी (न्यू आगरा) में शुक्रवार शाम को नर्सिंग की छात्रा अंजू (22) का शव फंदे से लटका मिला। वह इटावा की रहने वाली थी। आगरा में किराये पर रहकर एसएन मेडिकल काॅलेज से पढ़ाई कर रही थी। फोन रिसीव नहीं करने पर सहेली ने फोन कर मकान मालिक को जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है। सुसाइड नोट नहीं मिला है।
एसीपी सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि मृतका अंजू पुत्री राजाराम इटावा के बसरेहर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। 1 साल से आगरा में रहकर एसएन मेडिकल कालेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। नगला पदी में बघेल मंदिर के पास किराये पर सोनू के मकान में रहती थी। पहली मंजिल पर कमरा है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम को सोनू को अंजू की सहेली ने फोन किया। बताया कि अंजू फोन रिसीव नहीं कर रही है। अनहोनी की आशंका जाहिर की। इस पर मकान मालिक ने कमरे में जाकर देखा। वह खिड़की से बंधे दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से जांच की। कमरे की तलाशी में सुसाइड नोट नहीं मिला। मृतका के परिजन को सूचना दी गई है। एसीपी ने बताया कि जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है। परिजन से बात की जाएगी। काल डिटेल खंगाली जाएगी।
परिजन से ली जाएगी जानकारी
पुलिस ने बताया कि छात्रा ने कमरे के दरवाजे की अंदर से कुंडी नहीं लगाई थी। सिर्फ ईंट लगाकर दरवाजा बंद कर दिया था। मकान मालिक पहुंचा तो दरवाजा खुल गया। कमरे में छात्रा का मोबाइल रखा हुआ था। मोबाइल लॉक है। पुलिस मोबाइल को खुलवाने के प्रयास में लगी है। उधर, क्षेत्र के लोगों ने बताया कि छात्रा 1 साल से वहां रह रही थी। आसपास के लोगों से ज्यादा बात नहीं करती थी। वर्तमान में पढ़ाई पूरी होने पर एसएन मेडिकल काॅलेज से इंटर्नशिप कर रही थी। परिवार के लोग कभी कभार ही मिलने आते थे। पुलिस परिजन के आने का इंतजार कर रही है।
Next Story