उत्तर प्रदेश

अब सूखे में उगने वाला बाजरा कराएगा विदेशी मुद्रा की बरसात

Admin Delhi 1
13 Dec 2022 9:07 AM GMT
अब सूखे में उगने वाला बाजरा कराएगा विदेशी मुद्रा की बरसात
x

लखनऊ: कम पानी और सूखी जमीन पर उपज देने वाला बाजरा अब विदेशी मुद्रा की बरसात कराएगा। चंद रोज बाद शुरू होने वाला इंटरनेशनल मिलेट ईयर 2023 इसका जरिया बनेगा। पोषक तत्वों से भरपूर अनेक प्रकार के रोगियों के लिए उपयुक्त यह बाजरा अब बड़े होटलों और किचन की शोभा बढ़ाएगा। दरअसल उत्तर प्रदेश में देश के कुल उत्पादन का करीब 20 फीसद है। प्रति हेक्टेयर प्रति किग्रा उत्पादन देश के औसत से अधिक होने के नाते इसकी संभावनाएं बढ़ जाती हैं। तब तो और भी जब अच्छी-खासी पैदावार के बावजूद सिर्फ एक फीसद बाजरे का निर्यात होता है। निर्यात होने वाले में अधिकांश साबुत बाजरे का होता है। लिहाजा प्रसंस्करण के जरिए इसके निर्यात और इससे मिलने वाली विदेशी मुद्रा की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

फरवरी में आयोजित होने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भी इस सेक्टर पर खासा फोकस है। ऐसे में इंटरनेशनल मिलेट ईयर में बाजरे की लोकप्रियता बढ़ाने में खाद पानी का काम करेगी तो योगी सरकार का प्रसंस्करण उद्योग के प्रति सकारात्मक रवैया बोनस होगा। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में सर्वाधिक करीब 29 फीसद रकबे में बाजरे की खेती होती है। इसके बाद महाराष्ट्र करीब 21 फीसद रकबे के साथ दूसरे नंबर पर है। कर्नाटक 13.46 फीसद, उत्तर प्रदेश 8.06 फीसद, मध्य प्रदेश 6.11फीसद, गुजरात 3.94 फीसद और तमिलनाडु करीब 4 फीसद रकबे में बाजरे की खेती होती।

उत्तर प्रदेश की संभावना इस मामले में बेहतर है क्योंकि यहां प्रति हेक्टेयर प्रति किग्रा उत्पादन राष्ट्रीय औसत (1195 ) की तुलना में 1917 किग्रा है। उत्पादन के मामले में तमिलनाडु नंबर एक (2599 किग्रा) पर है। खेती के उन्नत तौर तरीके से और बेहतर उपज वाली प्रजातियों से इसके उपज को और अधिक किया जा सकता है। मसलन साल 2022 तक यूपी में बाजरे की खेती का रकबा कुल 9,80 हेक्टेयर है, जिसे बढ़ाकर 10.19 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। साथ ही उत्पादकता बढ़ाकर 25.53 क्विंटल प्रति हेक्टेयर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को इसका वाजिब दाम मिले इसके लिए सरकार 18 जिलों में प्रति कुन्तल 2350 रुपये की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इसकी खरीद भी कर रही है।

उल्लेखनीय है कि गेहूं धान और गन्ने के बाद उत्तर प्रदेश की चौथी प्रमुख फसल है, बाजरा। खाद्यान्न एवं चारे के रूप में प्रयुक्त होने के नाते यह बहुपयोगी भी है। पोषक तत्वों के लिहाज से इसकी अन्य किसी अनाज से तुलना ही नहीं है। इसलिए इसे चमत्कारिक अनाज, न्यूट्रिया मिलेट्स, न्यूट्रिया सीरियल्स भी कहा जाता है। कृषि विशेषज्ञों की मानें तो 2018 में भारत द्वारा मिलेट वर्ष मनाने के बाद बाजरा सहित अन्य मोटे अनाजों की खूबियों के किसान और लोग जागरूक हुए हैं। नतीजन बाजरे के प्रति हेक्टेयर उपज, कुल उत्पादन और फसल आच्छादन के क्षेत्र (रकबे) में लगातार वृद्वि हुई।

कृषि के जानकर गिरीश पांडेय ने बताया कि बाजरे को न्यूनतम पानी की जरूरत, 50 डिग्री सेल्सियस तापमान पर भी परागण, लंबे समय तक भंडारण योग्य होना इसकी अन्य खूबियां हैं। चूंकि इसके दाने छोटे एवं कठोर होते हैं ऐसे में उचित भंडारण से यह दो साल या इससे अधिक समय तक सुरक्षित रह सकता है। इसकी खेती में उर्वरक बहुत कम मात्रा में लगता है। साथ ही भंडारण में भी किसी रसायन की जरूरत नहीं पड़ती।

उन्होंने बताया कि बाजरे में गेहूं और चावल की तुलना में 3 से 5 गुना पोषक तत्व होते हैं। इसमें ज्यादा खनिज, विटामिन, खाने के लिए रेशे और अन्य पोषक तत्व मिलते हैं। लसलसापन नहीं होता। इससे अम्ल नहीं बन पाता। लिहाजा सुपाच्य होता है। इसमें उपलब्ध ग्लूकोज धीरे-धीरे निकलता है। लिहाजा यह मधुमेह (डायबिटीज) पीड़ितों के लिए भी मुफीद है। बाजरे में लोहा, कैल्शियम, जस्ता, मैग्निसियम और पोटाशियम जैसे तत्व भरपूर मात्रा मे होते हैं। साथ ही काफी मात्रा में जरूरी फाईबर (रेशा) मिलता है। इसमें कैरोटिन, नियासिन, विटामिन बी6 और फोलिक एसिड आदि विटामिन्स मिलते हैं। इसमें उपलब्ध लेसीथीन शरीर के स्नायुतंत्र को मजबूत बनाता है। यही नहीं बाजरे में पोलिफेनोल्स, टेनिल्स, फाईटोस्टेरोल्स तथा एंटीऑक्सिडैन्टस् प्रचुर मात्रा में मिलते हैं। यही वजह है कि सरकार ने इसे न्यूट्री सीरियल्स घटक की फसलों में शामिल किया है।

Next Story